Gwalior Viral Video: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक अजीबोगरीब वीडियो सामने आया है. जिसमें पुलिस की रोजाना की चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति के मोटरसाइकिल को रोका, लेकिन जैसे ही पुलिस ने ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करने पर चालान काटना शुरू किया तो महिला कहने लगी कि उस पर किसी देवी का साया है और उसने पुलिस स्टेशन के अंदर ही लयबद्ध तरीके से झूमना शुरू कर दिया.
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है. आपको ये जानकर हैरानी होगी कि पुलिस ने फाइन न लगाने का फैसला किया. इसके बजाय, एक पुलिस अधिकारी ने महिला को शांत कराने के लिए 50 रुपये दिए.
पूरा मामला कहां का है?
जानकारी के अनुसार, ये पूरा मामला भितरवार इलाके का है. भितरवार पुलिस स्टेशन की पुलिस रूटीन चेकिंग कर रहे हैं. तभी एक दंपत्ति बाइक पर सवार होकर उस इलाके से गुजरा. बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहना था और उसके गाड़ी के कागजात भी पूरे नहीं थे. जिसकी वजह से पुलिस ने मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया और उसे स्टेशन ले आई. स्टेशन पहुंचने पर बाइक चलाने वाले की पत्नी अचानक बेकाबू होकर झूमने लगी और दावा किया कि उस पर किसी दैवीय शक्ति का साया है.
महिला को आई माता
बताया जा रहा है कि पुलिस स्टेशन के अंदर ही महिला जोर-जोर से झूमने लगी. यह नजारा देखकर स्टेशन पर मौजूद हर कोई कुछ देर के लिए हैरान रह गया. इसके बाद, एक पुलिस अधिकारी ने महिला को 50 रुपये दिए और पुलिस ने ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के बावजूद बिना कोई दंडात्मक कार्रवाई किए मोटरसाइकिल को छोड़ दिया है. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने महिला की हरकतों का वीडियो बना लिया. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है.