Bijnor Thief News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर के रहने वाले एक चोर ने ऐसा काम किया, जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे. दरअसल, मध्य प्रदेश के सिहोरा रेलवे स्टेशन के पास पुलिस ने एक चोर को तालाब से गिरफ्तार किया है, जो करीब पांच घंटे तक पानी के अंदर छिपा रहा और कमल की डंडी के सहारे सांस लेता रहा. जानकारी के अनुसार आरोपी ट्रेनों में महिला यात्रियों को निशाना बनाकर चोरी करता था. पुलिस को उसकी काफी समय से तलाश थी.
इस बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रेलवे पुलिस ने सिहोरा स्टेशन पर आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और पूरे इलाके में घेराबंदी कर दी. वहीं चोर को जैसे ही इसकी भनक लगी, वह वहां से भाग निकला. भागते हुए आरोपी रेलवे ट्रैक की ओर पहुंचा और खुद को बचाने के लिए पास ही स्थित एक तालाब में कूद गया.
तलाशी के लिए गोताखोरों को बुलाया गया
इसके बाद पुलिस भी उसके पीछे-पीछे तालाब तक पहुंची, लेकिन अंधेरे के कारण आरोपी पानी में कहीं नजर नहीं आया. काफी तलाशी के बाद भी जब आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला, तो गोताखोरों को बुलाया गया. फिर लगभग पांच घंटे तक लगातार तलाश चलती रही. आखिरकार आरोपी को तालाब से बाहर निकाल लिया गया.
चौंकाने वाली बात यह है कि तलाशी अभियान के दौरान आरोपी तालाब में लगे कमल के फूल की खोखली डंडी का इस्तेमाल कर रहा था. वह उसी डंडी के सहारे पानी के अंदर छिपा रहा और उसी से सांस लेता रहा. इस अनोखे तरीके से वह लंबे समय तक पुलिस की नजरों से बचता रहा.
आरोपी ने पहचान छिपाने की भी की कोशिश
फिलहाल तालाब से निकालने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूछताछ में आरोपी लगातार अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करता रहा. कभी खुद को पंजाब तो कभी हरियाणा का निवासी बताया. इससे आरपीएफ थाना प्रभारी को शक हुआ तो उन्होंने अखबारों की कटिंग से पहचान करने की कोशिश की, जिससे आरोपी की असली पहचान उजागर हुई.
आरोपी चोर का नाम हरविंदर सिंह है. हरविंदर सिंह उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के हल्दौर थाना क्षेत्र का रहने वाला है. उसकी उम्र 32 साल है. उसके खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में 21 अपराधिक मामले दर्ज है. जानकारी के मुताबिक उसने अब तक देशभर में 400 से ज्यादा चोरियां की हैं. हैरान करने वाली बात यह है कि हरविंदर सिंह साल 2017 में बिजनौर के हल्दौर नगर निकाय से निर्दलीय पार्षद का चुनाव भी जीत चुका है.
आरपीएफ थाना प्रभारी ने चोर के बारे में क्या बताया?
इस मामले को लेकर आरपीएफ थाना प्रभारी राजीव खरब ने बताया कि आरोपी दिल्ली से गोंडवाना एक्सप्रेस से जबलपुर आया था. जबलपुर से रीवा–इतवारी एक्सप्रेस ट्रेन में चढ़ा, फिर सुबह करीब 4 बजे उसने महिला का पर्स चुराया. इस दौरान महिला की नींद खुल गई और उसने शोर मचा दिया.
राजीव खरब ने आगे बताया कि महिला के शोर मचाने पर आरोपी सिहोरा स्टेशन में उतर के भागने लगा, तब ड्यूटी में तैनात एसआई अरविंद, आरक्षक विनय मौर्य और आशीष यादव की टीम ने लगातार पीछा कर उसे पकड़ने में सफलता हासिल की.