Gwalior Truck Accident: ग्वालियर के नेशनल हाईवे-44 पर रविवार को एक ऐसा खौफनाक हादसा सामने आया, जिसने सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. बझेरा से कल्याणी तिराहे के बीच तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई और करीब एक किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कार ट्रक के नीचे फंसी हुई है और सड़क पर रगड़ खाते हुए आगे बढ़ रही है. यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए.
टक्कर के बाद भी नहीं रुका ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर लगने के बाद भी ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका. कार ट्रक के साथ घिसटती रही और अंदर बैठे लोग मदद के लिए चीखते-चिल्लाते रहे. हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. आसपास से गुजर रहे कई वाहन चालकों ने ट्रक को रोकने की कोशिश की. कुछ लोगों ने अपने वाहनों से उसका पीछा भी किया, लेकिन चालक लगातार गाड़ी दौड़ाता रहा.
एक किलोमीटर बाद रुका ट्रक
करीब एक किलोमीटर तक कार को घसीटने के बाद ट्रक सड़क किनारे रुका. बताया जा रहा है कि चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया. गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी. इसके बाद पूरे घटनाक्रम का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जिससे मामला और सुर्खियों में आ गया.
चारों सवार सुरक्षित, पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे के वक्त कार में चार लोग सवार थे. गनीमत रही कि सभी की जान बच गई और कोई बड़ा जानलेवा नुकसान नहीं हुआ. हालांकि, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को जब्त कर लिया. चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
यह कोई फिल्म का नहीं, रीयल सीन है
मध्यप्रदेश के डबरा ग्वालियर हाइवे पर ट्रक ने कार को टक्कर मारी और डेढ़ किलोमीटर तक घसीटता ले गया। कार में तीन लोग सवार थे जो चिल्लाते रहे। राहगीरों ने भी आवाज दी लेकिन ड्राईवर नहीं रुका। एक बुलेट सवार ने उसका पीछा भी किया। ट्रक से उतरकर ड्राईवर… pic.twitter.com/qfOtIgsQoi— Arvind Chotia (@arvindchotia) March 1, 2026