Rajasthan Churu Video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें पीपीई किट पहनकर एक व्यक्ति मधुमक्खी का छत्ता हटाते हुए नजर आ रहे हैं. दरअसल, ये पूरा मालमा राजस्थान के चुरू का बताया जा रहा है. जिसमें राजस्थान के चुरू में मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एम.एम. पुकार ने मधुमक्खियों के छत्ते हटाने के लिए खुद पीपीई किट पहनी.
बताया जा रहा है कि लगभग 5 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद कॉलेज की बिल्डिंग से सात बड़े छत्ते सफलतापूर्वक हटा दिए गए. यह काम रविवार को किया गया ताकि छात्रों को किसी तरह की परेशानी न हो.
छात्रों के लिए था बड़ा खतरा
मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग के अंदर इन छत्तों का होना छात्रों के लिए एक बड़ा खतरा था. 3 अप्रैल की रात को जब एक सिक्योरिटी गार्ड ड्यूटी पर था तो मधुमक्खियों ने उस पर हमला कर दिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई. कॉलेज परिसर के अंदर इस संभावित खतरे को देखते हुए प्रिंसिपल डॉ. एम.एम. पुकार ने छत्ते हटवाने का फैसला किया. उन्होंने छत्ते हटाने में माहिर विशेषज्ञों से संपर्क किया. लेकिन मधुमक्खियों के हमलों की बढ़ती घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने यह काम करने से मना कर दिया. जिसके बाद डॉ. पुकार ने यह काम खुद करने का फैसला किया.
वीडियो में PPE किट पहनकर मधुमक्खियों के छत्ते हटाते चूरू मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एमएम पुकार हैं.
जिन्होंने करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कॉलेज बिल्डिंग से 7 छत्तों को हटाया. काफी दिनों से हॉस्टल में बच्चे और डॉक्टर परेशान थे.
डॉक साब ने जिले में मधुमक्खी के छत्ते… pic.twitter.com/fNlHt6K0UF
— Avdhesh (@Zinda_Avdhesh) April 6, 2026
पीपीई किट पहनकर हटाया छत्ता
इसके बाद रविवार को डॉ. पुकार ने PPE किट पहनी और छत्ते हटाने का काम शुरू किया. लगभग 5 घंटे तक लगातार काम करते हुए टीम ने कॉलेज की बिल्डिंग से सभी सात छत्ते सफलतापूर्वक हटा दिए. बताया जा रहा है कि ये काम पूरी टीम ने साथ मिलकर किया. इस टीम में कई लोग शामिल थे. जिसमें प्रिंसिपल डॉ. एम.एम. पुकार, सेंट्रल लैब इंचार्ज डॉ. नदीम, मेस स्टाफ के सदस्य सुमेर और कॉलेज के वार्ड बॉय जगदीश शामिल थे. इसके अलावा, सिक्योरिटी गार्ड नेमीचंद और इंतज़ार खान, सिक्योरिटी गार्ड इंचार्ज कैप्टन रघुवीर सिंह, एग्जीक्यूटिव असिस्टेंट वेदप्रकाश खिंची और सफाई कर्मचारी पूजा ने भी इस काम में हिस्सा लिया.
मधुमक्खियों के छत्तों को हटाया गया
मधुमक्खियों को छत्तों से भगा दिया गया और उन जगहों पर जहां छत्ते थे, वहां केमिकल और डीजल का मिश्रण स्प्रे किया गया. बताया जा रहा है कि ये छत्ते लड़कियों और लड़कों के हॉस्टल के अंदर थे. खास तौर पर तीन छत्ते लड़कियों के हॉस्टल में और चार लड़कों के हॉस्टल में मिले.