Aditi Yadav Political Entry: सपा के दिवंगत नेता मुलायम सिंह यादव के परिवार की तीसरी पीढ़ी अब सियासी हलकों में चर्चा का केंद्र बनती जा रही है. पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बड़ी बेटी अदिति यादव की समाजवादी पार्टी के इवेंट्स और पब्लिक मीटिंग्स में उनके साथ मौजूदगी ने एक बार फिर उनके पॉलिटिकल एंट्री के कयासों को हवा दे दी है. पार्टी में इस बात पर चर्चा ज़ोरों पर है कि क्या अदिति सिर्फ़ अपने परिवार के साथ अपनी मौजूदगी का एहसास करा रही हैं या वह भविष्य में एक्टिव पॉलिटिकल हिस्सेदारी की भी तैयारी कर रही हैं.
क्या करती हैं अखिलेश यादव की बड़ी बेटी?
23 साल की अदिति यादव अखिलेश यादव और डिंपल यादव की बड़ी बेटी हैं. उनके छोटे जुड़वां भाई-बहन टीना और अर्जुन हैं. अदिति ने लखनऊ के मशहूर ला मार्टिनियर कॉलेज में पढ़ाई की. 2020 में अदिति ने अपनी 12वीं क्लास में 98% नंबर हासिल किए. वह यूके के लंदन में यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन (UCL) में पॉलिटिक्स और इंटरनेशनल रिलेशंस की पढ़ाई कर रही हैं. उन्हें बैडमिंटन और घुड़सवारी पसंद है. उन्होंने कई नेशनल लेवल की घुड़सवारी प्रतियोगिताओं में मेडल जीते हैं.
अदिति की राजनीतिक सक्रियता
राजनीतिक तौर पर अदिति की सक्रियता पहली बार दिसंबर 2022 में मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव के दौरान सुर्खियों में आई थी. उस समय उन्होंने अपनी मां डिंपल यादव के सपोर्ट में जोरदार कैंपेन किया था. इसके बाद 2024 के लोकसभा चुनावों में वह कन्नौज में अपने पिता अखिलेश यादव के लिए वोट मांगती नजर आईं.
VIDEO | Lok Sabha Polls 2024: Samajwadi Party Chief Akhilesh Yadav’s daughter Aditi participates in a political campaign in UP’s Saifai. Here’s what she said at a public meeting.
“Our party has always worked in favour of women, youth and farmers. We will make a government that… pic.twitter.com/iy55Nx4B65
— Press Trust of India (@PTI_News) May 4, 2024
अखिलेश यादव ने बेटी की पॉलिटिकल एंट्री पर क्या कहा?
एक पॉडकास्ट में अदिति की राजनीतिक एंट्री को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा था कि बच्चों को राजनीति समझने के लिए गांव-गांव जाने और लोगों से मिलने की पूरी छूट दी गई है. उनका मानना है कि नई पीढ़ी को जमीनी हकीकत समझना बेहद जरूरी है. डिंपल यादव भी अपनी बेटी को राजनीति के गुर सिखाती नजर आती हैं. उन्होंने पहले एक इंटरव्यू में कहा था कि अदिति लोगों के बीच जाकर अपनी जड़ों को समझने की कोशिश कर रही हैं और वह अपने फैसले लेने के लिए स्वतंत्र हैं.
क्या अदिति विधानसभा चुनाव लड़ सकती हैं?
हालांकि विधानसभा या लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए न्यूनतम उम्र 25 साल होती है. अभी अदिति की उम्र 23 साल और 6 महीने है. जबकि 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के समय अदिति की उम्र साढ़े चौबीस साल की होंगी. ऐसे में राजनीतिक जानकार मानते हैं कि उनकी औपचारिक चुनावी एंट्री 2029 के लोकसभा चुनाव तक टल सकती है.
फिलहाल सपा के करीबी सूत्रों का कहना है कि अदिति पार्टी के प्रचार अभियानों में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं. माना जा रहा है कि 2027 के चुनावों में उन्हें स्टार प्रचारक के तौर पर उतारा जा सकता है, जबकि औपचारिक लॉन्चिंग चुनावी नतीजों के बाद ही तय होगी.