UP Latest News: देश के अलग-अलग हिस्सों से इन दिनों प्रेम संबंध में घर से युवतियों के भागने से लेकर रिश्तेदारों की हत्या तक के मामलों की बाढ़ सी आ गई है. इस तरह के मामलों में देखा गया है कि जिस भी परिवार में ऐसा होता है, वह बर्बाद हो जाता है. ऐसा ही एक मामला अब उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से आया है. टूंडला के थाना नगला सिंघी क्षेत्र में एक युवक का शव सोमवार की सुबह पेड़ पर लटका मिला. बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी कुछ दिन पहले अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई थी.
महिला के तीन बच्चे भी थे, उनका भी उसे ख्याल नहीं आया. वहीं पत्नी इस करतूत के चलते पति ने गांव छोड़ दिया. वह दूसरे गांव में मकान बनाकर रहने लगा. हालांकि, इस बीच पति ने पत्नी की खोजबीन की, लेकिन कहीं उसका पता नहीं चला. इससे युवक बुरी तरह परेशान था. इस बीच सोमवार को एक पेड़ से उसका शव मिला तो हड़कंप मच गया.
महिला के प्रेमी पर लगाया हत्या का आरोप
परिजनों ने महिला के प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस हत्या और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है. पुलिस ने कार्रवाई का ठोस आश्वासन मिलने के बाद शव पुलिस ने उतारकर पोस्टमार्टम को भिजवाया है.
जानकारी के मुताबिक रविन्द्र नाम के युवक की पत्नी गौरी इसी महीने 7 अप्रैल को अपने प्रेमी के साथ चली गई थी. महिला अपने तीन बच्चों गगन 15 साल, सुमित 10 साल और बेटी लता 7 साल को पति के पास ही छोड़कर चली गई थी.
कहां का रहने वाला है गौरी का प्रेमी?
पत्नी के गायब होने के बाद से रविंद्र लगातार उसकी खोजबीन कर रहा था. गौरी का प्रेमी लांघी धीरपुरा का रहने वाला है. रविंद्र कुछ समय पहले से अपने गांव गढ़ी धर्मी से निकलकर गढ़ी भाऊ में मकान बनाकर रह रहा था.
सोमवार की सुबह उसका शव खेत में लगे पेड़ पर लटका मिला. शौच को गए लोगों ने शव को लटका देखा को हड़कंप मच गया. परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया. थाना नगला सिंघी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने शव को नहीं उतारने दिया.
परिवार के लोगों ने और क्या कहा?
परिवार के लोगों ने रविंद्र की पत्नी गौरी के प्रेमी पर ही हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया और कहा कि प्रेमी उसकी हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश कर रहा है. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है. अब तक महिला और उसके प्रेमी का भी पता नहीं चल पाया है.