Ghaziabad Rape-Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक शख्स ने दरिंदगी दिखाते हुए इंसानियत और रिश्ते दोनों को शर्मसार कर दिया है. मामला टीला मोड़ क्षेत्र का है, जहां एक 4 साल की मासूम बच्ची के साथ उसके सगे मामा ने रेप किया. साथ ही उसकी हत्या भी कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने शव को एक कार के नीचे फेंक दिया. इस मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
जानकारी के अनुसार बच्ची की हत्या उसके मामा ने गला दबाकर की. परिजनों ने आरोपी पर बच्ची के साथ गलत काम करने का भी गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बच्ची को खिलाने के बहाने अपने घर ले गया था आरोपी
बताया जा रहा है कि आरोपी, बच्ची के घर के पास ही रहता था. बीते शुक्रवार को दोपहर वह बच्ची को खिलाने के बहाने अपने घर ले गया था. शाम तक जब बच्ची वापस घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने बच्ची के मामा से संपर्क किया. उसने यह कहकर उन्हें गुमराह कर दिया कि वह बच्ची को घर छोड़ आया है.
इसके बाद देर रात तक बच्ची का कोई पता नहीं चला. फिर करीब 12 बजे रात को बच्ची का शव 80 फुटा रोड पर खड़ी एक कार के नीचे मिला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया. वहीं आरोपी अभी तक फरार है.
नशे का आदी है आरोपी
आरोपी करीब एक माह पहले ही गाजियाबाद में रहने के लिए आया था. बच्ची के ताऊ ने बताया कि आरोपी की शादी हो चुकी है. वह नशे का आदी है और इसकी वजह से उसके परिवार वाले भी मतलब नहीं रखते. कुछ समय पहले ही उसकी शादी हुई थी, लेकिन वह ससुराल वालों से भी झगड़ा कर चुका है और उनसे भी नहीं बनती.
उन्होंने बताया कि एक महीने पहले आरोपी काम करने के लिए अपने बहनोई के घर रहने आया था. नशे की आदत के चलते बच्ची के पिता ने उसे अपने घर रखने से मना कर दिया, तब वह कमरा लेकर अलग रहने लगा.
आरोपी फरार, पकड़ने के प्रयास जारी- पुलिस
इस मामले पर शालीमार गार्डन के सहायक पुलिस आयुक्त अतुल कुमार सिंह ने कहा कि बच्ची का शव शालीमार गार्डन इलाके में मिला. उन्होंने बताया कि लड़की के पिता की शिकायत के आधार पर उसके मामा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
एसीपी ने कहा कि रिपोर्ट में इस बात की भी पुष्टि होगी कि लड़की का यौन उत्पीड़न किया गया था या नहीं. उन्होंने कहा कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं.