LPG Shortage Relief: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शादियों का सीजन आते ही गैस सिलेंडरों की मारामारी होने लगी है. इसी समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ी राहत का काम किया है. आमतौर पर देखा जाता है कि शादी वाले घरों में सिलेंडर की कमी के कारण हलवाइयों और महमानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. इसी को ध्यान में रखते हुए अब प्रशासन ने खासतौर पर शादी समारोह के लिए गैस आवंटन की नई व्यवस्था लागू की है.
क्या है नई व्यवस्था?
लखनऊ जिला प्रशासन के नए नियमों के अनुसार, जिस घर में शादी है, वो परिवार अब अपना विवाह निमंत्रण पत्र यानी Wedding Card दिखाकर एक साथ 8 गैस सिलेंडर ले सकेंगे। प्रशासन ने सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने और जरूरतमंदों को समय पर ईधन उपलब्ध कराने के ऐसा कदम उठाया है. गैस सिलेंडर की ये नई व्यवस्थ 14 अप्रैल से लखनऊ में लागू होगी.
सिलेंडर के लिए कहां आवेदन करें?
यदि आपके घर में भी शादी है, तो आप इस आसान प्रक्रिया को फॉलो करके 8 कमर्शियल सिलेंडर तक ले सकते हैं-
- सबसे पहले आपको लखनऊ स्थित अपनी संबंधित गैस एजेंसी में संपर्क करें.
- आप सीधा जिला पूर्ति कार्यालय या एडीएम (खाद्य एवं रसद) कार्यालय में भी आवेदन दे सकते हैं.
- इसमें एक प्रार्थना पत्र के साथ शादी का कार्ड, आधार कार्ड और गैस कनेक्शन की पासबुक की कॉपी देनी होती है.
- आवदेन के बाद पहले प्रशासन वेरिफिकेशन करेगा, जिसके बाद निर्धारित कोटे के तहत सिलेंडर की अनुमति मिल जाएगी.
बिचौलियों और कालाबाजारी पर लगाम
शादी सीजन में कई डीलर सिलेंडर की किल्लत का फायदा उठाते हैं और ऊंचे दामों पर बेचते हैं. लेकिन अब लखनऊ जिला प्रशासन के फैसले से सीधे उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी. अधिकारियों का कहना है कि गैस एजेंसियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि शादी वाले घरों को प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं.
केवल शादी वाले घरों को मिलेगा सिलेंडर
लखनऊ प्रशासन ने साफ किया है कि ये व्यवस्था सिर्फ शादी वाले घरों के लिए है, जिससे शाही समारोह में गैस की कमी के कारण कोई समस्या ना आए. प्रशासन ने लोगों से नई व्यवस्था का पालन करने और सही ढंग से सहयोग करने की भी अपील की है.
इस कारण प्रशासन ने दिए 8 सिलेंडर
शादी के सीजन में कैटरिंग की व्यवस्था में गैस सिलेंडर एक बड़ी चिंता का विषय होता है. इस मामले को लेकर उत्तर प्रदेश आदर्श टेंट कैटरिंग एवं डेकोरेशन व्यापार मंडल के अध्यक्ष राघवेंद्रचौधरी जिला मजिस्ट्रेट (खाद्य एवं रसद) ज्योति गौतम के पास पहुंचे और गैस आपूर्ति की समस्या से अवगत कराया. प्रशासन ने इस समस्या पर संज्ञान लिया और नई व्यवस्था लागू कर दी.