गोरखपुर न्यूज़: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां, बुधवार रात एक बेकाबू फॉर्च्यूनर कार ने मौत का ऐसा तांडव मचाया जिसको देखने के बाद आपकी भी आंखें फटी रह जाएंगी. दरअसल, मोहद्दीपुर ओवरब्रिज पर करीब 9 बजे हुई सड़क दुर्घटना में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एक होनहार छात्र ने अपना दम तोड़ दिया. तो वहीं, मृतक छात्र की पहचान 22 साल के आकाश पांडे के रूप में हुई है, जो एमबीबीएस की पढ़ाई करता था. दो वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों (Eye Witness) के मुताबिक, गाड़ी की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि बाइक सवारों को एक पल के लिए संभलने का मौका तक नहीं मिला और भीषण टक्कर की वजह से आकाश की मौके पर ही मौत हो गई.
तो वहीं, इस हादसे के समय आकाश अपने साथियों के साथ बाइक पर सवार था. जहां, इस टक्कर में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक अन्य को मामूली चोट आई है. फिलहाल, इस घटना के बाद से मेडिकल कॉलेज के छात्रों में जमकर आक्रोश देखने को मिल रहा है. जहां, शाहपुर थाना क्षेत्र के इस व्यस्त ओवरब्रिज पर हुए हादसे ने शहर की सड़कों पर बेलगाम दौड़ते वाहनों और यातायात सुरक्षा पर एक बार फिर से कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
दुर्घटना पर क्या बोले एसपी सिटी?
इस सड़क हादसे पर गोरखपुर के एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर आरोपी कार चालक के खिलाफ आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इसके साथ ही उन्होंने आगे कहा कि कार चालक की पहचान गोल्डन साहनी के रूप में की गई है, जिससे गिरफ्तार कर हादसे को लेकर सख्त से सख्त पूछताछ भी की जा रही है. इसके अलावा पुलिस ने दुर्घटना में शामिल वाहन को भी अपने कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है. हांलाकि, इस मामले में पुलिस प्रशासन ने आश्वासन देते हुए कहा है कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की सड़क दुर्घटनाओं पर जल्द से जल्द लगाम भी लगाया जा सके.