Vrindavan Steamer Boat Accident: उत्तर प्रदेश के वृंदावन में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया. यहां यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी नाव पलट गई, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई है. वहीं कई लोग लापता बताए जा रहे हैं. जानकारी के मुताबिक नाव में करीब 30 लोग सवार थे. लापता लोगों की तलाश की जा रही है. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है.
जानकारी के मुताबिक वृंदावन के केशी घाट के पास यमुना नदी में यह नाव दुर्घटनाग्रस्त हुई. यहां श्रद्धालुओं से भरा स्टीमर पांटून पुल से टकराकर पलट गया. हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई. पुलिस और गोताखोरों की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
6 लोगों की मौत की हुई पुष्टि
मथुरा के डीएम चंद प्रकाश सिंह ने 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है. डीएम ने बताया कि अभी तक 14 लोगों को बचा लिया गया है. अभी भी कई लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश के लिए राहत-बचाव कार्य जारी है. एनडीआरएफ और आर्मी के लोगों से भी मदद मांगी गई है. हादसे के शिकार हुए श्रद्धालु पंजाब के लुधियाना रहने वाले बताए जाते हैं, जो वृदावंन में दर्शन-पूजन के लिए आए थे.
#WATCH | Uttar Pradesh | A boat accident occured on the Yamuna River near Keshi Ghat in Mathura. According to the Police, 22 individuals have been rescued and shifted to hospitals, but investigation is underway to determine how many of them are safe. Further details awaited. pic.twitter.com/kwzlwF0Kkz
— ANI (@ANI) April 10, 2026
वहीं एसपी मथुरा (ग्रामीण) सुरेश चंद्र रावत ने बताया, “यमुना नदी में एक नाव पलटने की घटना सामने आई है. 22 लोगों को निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है. सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है.”
सीएम योगी ने हादसे पर जताया दुख
इस नाव हादसे पर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दुख जताया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा- “जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं.”
उन्होंने आगे लिखा- “संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव व राहत कार्य संचालित करने और घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को सद्गति एवं शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.