Sonu Nigam in Aala Hazrat Dargah: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर सोनू निगम बरेली गए, जहां पर उन्होंने अपनी सुरीली आवााज से समा बांध दिया. इसके बाद देर रात कार्यक्रम खत्म होने के बाद वे रविवार की सुबह आला हजरत की दरगाह पर हाजिरी लगाने पहुंचे. दरगाह पर माथा टेकने के बाद उन्होंने अमन, चैन और भाईचारे की दुआ मांगी. फैंस उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब नजर आए. बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे. हालांकि वे वहां से चुपचाप निकल गए. इसका सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल हुई.
सोशल मीडिया पर कसा जा रहा तंज
उनकी ये वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उन पर तंज करना शुरू कर दिया. एक यूजर ने सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘इन्हें अजान से दिक्कत थी, सोनू निगम आज बरेली के आला हजरत की मजार पर नजर आए, जाहिर सी बात है अज़ान तो सुनी ही होगी.’ वहीं दूसरे यूजर ने इसकी पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा, ‘ये तो वही है न जिसकी अजान की आवाज के कारण नींद खराब होती है.’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘ये सब फेम का चक्कर है, ना इनका धर्म से कोई लेना-देना ना ही आस्था से, पैसा और फेम के लिए कुछ भी कर सकते हैं.’
इसको अज़ान से दिक्कत थी,
सोनू निगम आज बरेली के आला हजरत की मजार पर नजर आए, जाहिर सी बात है अज़ान तो सुनी ही होगी।
एकता कपूर सनातन एकता पदयात्रा में थीं कुछ दिन पहले अजमेर दरगाह गई थीं।
इन लोगों का कोई स्टैंड नहीं है, इनको इग्नोर करो ज्यादा बेहतर है। pic.twitter.com/JXNTHZCG9m
— Prof. इलाहाबादी ( نور ) (@ProfNoorul) March 1, 2026
क्या है विवाद?
बता दें कि साल 2017 में सिंगर सोनू निगम ने लाउडस्पीकर के माध्यम से होने वाली अजान और अन्य धार्मिक शोर पर सवाल उठाए थे. सोनू निगम ने ट्वीट किया था कि वह मुस्लिम नहीं हैं लेकिन फिर भी सुबह की अजान की आवाज से उनकी नींद खुल जाती है. इसके साथ ही उन्होंने सवाल किया कि भारत में ये जबरदस्ती की धार्मिकता कब खत्म होगी. उन्होंने इस तरह की हरकत को गुंडागर्दी बताया था. इस विवाद के बाद एक मौलवी ने उनके खिलाफ फतवा जारी किया था. वहीं इसका जवाब देते हुए सोनू निगम ने सार्वजनिक रूप से सिर मुंडवाया था.
सोनू निगम ने दी थी सफाई
इसको लेकर काफी विवाद हुआ, जिसके बाद सोनू निगम ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने इस्लाम या अजान का विरोध नहीं किया बल्कि लाउडस्पीकर वाले शोर का विरोध किया था. उन्होंने कहा कि वे मंदिरों या गुरुद्वारों में भी लाउडस्पीकर के इस्तेमाल का समर्थन नहीं करते. इससे लोगों की नींद खराब होती है.