West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव (West Bengal Assembly Elections) को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपनी तैयारी को गति दे दी है. चुनाव प्रचार को गति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को मैदान में उतार दिया गया है. भाजपा के सबसे बड़े स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बंगाल में 23 अप्रैल को पहले चरण की 152 सीटों पर होने वाले मतदान को लेकर एक दर्जन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे.
इसके अलावा, दूसरे चरण के मतदान वाली 139 सीटों पर भी पीएम मोदी की एक दर्जन चुनावी सभाएं तय की गई हैं. कुल मिलाकर पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर पीएम मोदी दोनों चरणों में 2 दर्जन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे.
12 से 28 अप्रैल तक रोज पीसी करेगी बीजेपी
इसके अलावा, जानकारी सामने आ रही है कि बंगाल चुनाव के लिए भाजपा कल 12 अप्रैल से 28 अप्रैल तक रोज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ममता बनर्जी पर हमला करेगी और रोज सवाल पूछेगी. भाजपा ने बंगाल की सभी 291 सीटों के लिए हर सीट के लिए एक राष्ट्रीय नेता और एक प्रादेशिक नेता की चुनावी सभा आयोजित कराने की योजना बनाई है. भाजपा के एक वरिष्ठ रणनीतिकार के अनुसार लगभग 500 बड़ी चुनावी सभाओं का आयोजन 291 सीटों पर भाजपा करने जा रही है.
अमित शाह कितनी रैली करेंगे?
इनमें पीएम मोदी की दो दर्जन लगभग 24 चुनावी सभाएं होगी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पहले चरण में 25 और दूसरे चरण में भी 25 जन सभाएं और रोड शो होंगे. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी 24 चुनावी सभाएं होगी. उत्तर प्रदेश के सीएम योगी पहले चरण में 12 और दूसरे चरण में 12 चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की एक दर्जन चुनावी सभाएं होंगी. पहले चरण में 6 और दूसरे चरण में 6 चुनावी सभाएं होंगी.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कितनी सभाएं करेंगे?
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की कुल 16 चुनावी सभाएं होंगी. पहले चरण में 8 और दूसरे चरण में भी 8 सीटों पर चुनावी सभाएं होंगी. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की कुल 4 चुनावी सभाएं होंगी. पहले चरण में 2 और दूसरे चरण में 2 चुनावी सभाएं होंगी. भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की कुल 10 चुनावी सभाएं होंगी. पहले चरण में 5 और दूसरे चरण में 5 चुनावी सभाएं होंगी. पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की भी पहलेचरण में 15 और दूसरे चरण में 15 चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी.
इसके अलावा फिल्म स्टार मिथुन चक्रवर्ती की पहले चरण में 23 और दूसरे चरण में 25 सभाएं होंगी. शुभेंदु अधिकारी की पहले चरण में 17 और दूसरे चरण में 15 चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे. लॉकेट चटर्जी की पहले चरण में 15 और दूसरे चरण में 10 चुनावी सभाएं होंगी. इसके अलावा कंगना रनौत और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी की भी चुनावी सभाएं होंगी.