Farah Khan on Akshaye Khanna: फिल्म ‘धुरंधर’ से सबकी नजरों में छा जाने वाले अभिनेता अक्षय खन्ना एक बार फिर से सुर्खियों में आ गए हैं. हाल ही में कोरियोग्राफर और फिल्म निर्माता फराह खान ने 90 के दशक में फिल्म के सेट पर अक्षय खन्ना के साथ बिताए गए अपने अनुभवों का खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि उस समय अभिनेता को झेलना मुश्किल हो जाता था. जानिए आखिर फराह खान ने ऐसा क्यों कहा.
फराह खान ने क्या कहा?
फराह खान हाल ही में रणवीर इलाहाबादिया के शो में पहुंची थीं. जहां उन्होंने 90 के दशक में अक्षय खन्ना के साथ सेट पर बिताए अनुभवों को याद किया. फराह खान ने बताया, ’90 के दशक में मैंने अक्षय के साथ कुछ फिल्में कीं और उसके बाद मुझे गहरा सदमा लगा, क्योंकि वो पहले बिल्कुल अलग इंसान थे. वो इंट्रोवर्ट थे, लेकिन सेट पर उनका व्यवहार अच्छा नहीं था.’ इसके साथ ही उन्होंने खुलासा किया कि जब भी उन्हें पता चलता कि अक्षय खन्ना किसी फिल्म में काम कर रहे हैं, तो वे अक्सर उस प्रोजेक्ट से पूरी तरह बचने की कोशिश करती थीं.
‘वो हमेशा सेट पर चिड़चिड़े रहते थे’
आगे बातचीत में फराह खान ने बताया कि उस दौरान अक्षय खन्ना अक्सर चिड़चिड़े नजर आते थे. उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि उस समय उन्होंने खुद कहा था कि उनके बाल झड़ रहे हैं. इसलिए वो लगातार चिड़चिड़े रहते थे. वो चीजें फेंकते थे और कहते थे, ‘ये किस तरह के डायलॉग हैं?’ वो ऐसे ही इंसान थे.’
जब पूरी तरह बदल गए अक्षय खन्ना
बातचीत के दौरान फराह खान ने यह भी स्वीकार किया कि अक्षय के बारे में उनकी राय एक समय के बाद बदल गई. यह बदलाव तब आया जब उन्होंने फिल्म ‘दिल चाहता है’ में अभिनेता संग काम किया. इस फिल्म से फराह खान को लगा कि अक्षय खन्ना पूरी तरह बदल गए हैं और अपने बालों से संतुष्ट हो गए हैं. आपको बता दें कि यह फिल्म फरहान अख्तर की पहली निर्देशित फिल्म थी, जो साल 2001 में रिलीज हुई थी.
अक्षय खन्ना हैं शानदार डांसर
फराह खान ने बताया कि अक्षय खन्ना एक शानदार डांसर हैं, आमिर खान और सैफ अली खान से भी बेहतर. इस बात को उन्होंने ‘कोई कहे कहता रहे’ गाने के जरिए कही, जिसमें एक्टर ने अच्छा डांस किया था.
एक नजर अक्षय खन्ना पर
अक्षय खन्ना ने अपने करियर की शुरुआत साल 1997 में फिल्म ‘हिमालय पुत्र’ से की थी. इसके बाद अभिनेता ने ताल, दिल चाहता है, छावा जैसी शानदार फिल्में कीं. अभिनेता को आखिरी बार फिल्म ‘धुरंधर’ में देखा गया था, जिसमें उन्होंने रहमान डकैत का किरदार निभाया है.