Aadhaar Card Rules: आधार कार्ड आज हर भारतीय के लिए सबसे जरूरी डॉक्यूमेंट बन चुका है. बैंक अकाउंट खुलवाना हो, सरकारी योजना का फायदा लेना हो या फिर KYC करानी हो,हर जगह आधार की जरूरत पड़ती है. ऐसे में यह बहुत जरूरी है कि आधार में दी गई जानकारी सही और अपडेट हो.लेकिन अक्सर लोगों की शिकायत होती है कि उनके आधार कार्ड की फोटो अच्छी नहीं आई है या पुरानी हो चुकी है. अगर आप भी अपनी आधार फोटो बदलना चाहते हैं, तो UIDAI इसकी सुविधा देता है. यहां जानिए आधार कार्ड की फोटो बदलने का पूरा तरीका.
आधार कार्ड की फोटो कैसे बदली जाती है?
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि आधार कार्ड की फोटो ऑनलाइन अपडेट नहीं की जा सकती. इसके लिए आपको ऑफलाइन तरीके से आधार सेवा केंद्र जाना होगा.
आधार फोटो बदलने की स्टेप-बाय-स्टेप प्रक्रिया
- सबसे पहले UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट uidai.gov.in पर जाएं.
- वहां से आधार एनरोलमेंट या अपडेट फॉर्म डाउनलोड करें और उसका प्रिंट निकाल लें.
- अब इस फॉर्म में मांगी गई सभी जरूरी जानकारी ध्यान से भरें.
- इसके बाद अपने नजदीकी Aadhaar Enrolment Centre या Aadhaar Sewa Kendra पर जाएं.
- केंद्र पर जाकर भरा हुआ फॉर्म संबंधित अधिकारी को जमा करें.
- इसके बाद आपकी बायोमेट्रिक जानकारी ली जाएगी, जिसमें फिंगरप्रिंट और आंखों की स्कैनिंग शामिल होती है.
- आखिर में अधिकारी वहीं पर कैमरे से आपकी लाइव फोटो खींचते हैं.
- यही फोटो आपके नए आधार कार्ड में अपडेट की जाती है.
फोटो अपडेट के बाद क्या मिलता है?
- फोटो अपडेट कराने के बाद आपको एक Acknowledgement Slip दी जाती है.
- इस स्लिप पर URN (Update Request Number) लिखा होता है.
- इस नंबर की मदद से आप ऑनलाइन यह चेक कर सकते हैं कि आपका आधार अपडेट हुआ या नहीं. इसलिए इस स्लिप को संभालकर रखना बहुत जरूरी है.
आधार फोटो बदलने की फीस कितनी लगती है?
- आधार कार्ड की फोटो अपडेट कराने के लिए आपको 100 रुपये शुल्क देना होता है.यह फीस आधार सेवा केंद्र पर ही ली जाती है.
- क्या आधार की फोटो ऑनलाइन अपलोड की जा सकती है?
- UIDAI के नियमों के अनुसार फोटो, फिंगरप्रिंट और आईरिस स्कैन जैसी बायोमेट्रिक जानकारी ऑनलाइन अपलोड नहीं की जा सकती.
कौन-सी जानकारी ऑनलाइन अपडेट की जा सकती है?
हालांकि फोटो ऑफलाइन ही बदलेगी, लेकिन नीचे दी गई जानकारियां आप ऑनलाइन अपडेट कर सकते हैं-
नाम, पता, जन्मतिथि या उम्र, जेंडर, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, रिश्ते की जानकारी और डेटा शेयर करने की सहमति.
फोटो अपडेट होने के बाद आधार कार्ड कैसे डाउनलोड करें?
जब आपकी आधार फोटो अपडेट हो जाए, तो आप नया आधार कार्ड ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं.
इसके लिए UIDAI की वेबसाइट पर जाएं और ‘My Aadhaar’ सेक्शन में जाकर ‘Download Aadhaar’ पर क्लिक करें.अपना आधार नंबर और कैप्चा कोड डालें, फिर OTP जनरेट करें.रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP डालकर लॉगिन करें.इसके बाद ‘Download Aadhaar’ पर क्लिक करके अपडेटेड आधार कार्ड डाउनलोड कर लें.
आधार फोटो अपडेट से जुड़ी जरूरी बातें
- आधार फोटो बदलने के लिए किसी भी डॉक्यूमेंट की जरूरत नहीं होती.
- आपको अपनी फोटो साथ ले जाने की जरूरत नहीं है, फोटो वहीं खींची जाती है.
- आधार अपडेट होने में आमतौर पर ’30 से 90 दिन’ तक का समय लग सकता है.
- आप URN नंबर से अपडेट का स्टेटस ऑनलाइन ट्रैक कर सकते हैं.