Bumper Guards Ban in India: SUVs या बड़ी कार लेने वाले लोगों में बंपर गार्ड लगवाने का काफी क्रेज देखा जाता था. आपने देखा होगा कि अक्सर SUV कारों में लोग बंपर गार्ड फिट करवाते थे, जिससे कार देखने में तो आकर्षक लगती थी, लेकिन कहीं न कहीं यह कार की सेफ्टी में दखल देते थे. इसके बाद सरकार ने साल 2017 में ही इसे भारत में बैन कर दिया था. लेकिन, आज भी कुछ लोगों को नहीं पता कि भारत में किसी भी कार में बंपर गार्ड्स (Bumper Guards Ban) लगवाना बैन है.
अगर आप बंपर गार्ड लगवाते हैं तो ऐसे में ट्रैफिक पुलिस द्वारा आपके वाहन का चालान भी किया जा सकता है. इसलिए आपको यह जान लेना चाहिए कि भारत में बंपर गार्ड्स क्यों बैन हैं और इनपर कितना जुर्माना रखा गया है.
भारत में क्यों बैन हैं बंपर गार्ड्स?
भारत में बंपर गार्ड बैन होने के पीछे वैसे तो कई कारण हैं. अगर आप कार में बंपर गार्ड लगाकर चलते हैं तो इससे कार के एयरबैग्स के सेंसर सुचारू रूप से काम नहीं करते हैं, जिससे एक्सीडेंट होने के बाद वे नहीं खुल पाते हैं. मेटल के बंपर गार्ड सड़क पर चल रहे लोगों के लिए भी सुरक्षित नहीं है. टक्कर लगने पर इससे गंभीर रूप से चोट लग सकती है. इसलिए पैदल यात्रियों के लिए यह खतरनाक साबित होते हैं. इससे कार का वजन और भारी हो जाता है, जिससे कहीं न कहीं माइलेज पर भी प्रभाव पड़ता है. इन सभी पहलुओं को देखते हुए भारत में बंपर गार्ड पर बैन लगा दिया गया था.
बंपर गार्ड लगवाने पर कितना जुर्माना?
बंपर गार्ड लगवाने पर आपको जुर्माने का भुगतान करना पड़ सकता है. Motor Vechile Act 1988 के तहत गाड़ी में बंपर गार्ड लगाना नियमों का उल्लंघन करना माना जाता है. बंपर गार्ड वाली कार सड़क पर मिलने पर ट्रैफिक पुलिस द्वारा गाड़ी का 1,000 से 5,000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है. इतना ही नहीं पुलिस मौके पर बंपर को भी हटा सकती है.