India News (इंडिया न्यूज़), Chandrayaan-3: 23 अगस्त की शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चांद के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 ने सॉफ्ट लैंडिंग की थी। लैंडिंग के कुछ घंटे बाद विक्रम लैंडर से रोवर प्रज्ञान बाहर आ गया था। सॉफ्ट लैडिंग के बाद ISRO लगातार रोवर प्रज्ञान के बारे में जानकारी अपडेट कर रहा है।  इसरो (ISRO) ने सोमवार (28 अगस्त) को रोवर की कुछ और तस्वीरें जारी की हैं। साथ ही इसरो ने बताया कि रविवार (27 अगस्त) रोवर एक बड़े गड्ढे (Crater) पर पहुंच गया था। हालांकि, ये वापस सुरक्षित लौट आया।

 

ट्वीट कर दी जानकारी

इसरो ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए ट्वीट (अब एक्स) कर बताया, “चंद्रयान-3 मिशन का रोवर प्रज्ञान 27 अगस्त को अपने स्थान से 3 मीटर आगे एक 4 मीटर व्यास वाले गड्ढे (क्रेटर) के पास पहुंचा। इसके बाद रोवर को वापस लौटने की कमांड दी गई। ये अब सुरक्षित रूप से एक नए रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।”

तापमान भिन्नता का जारी किया था ग्राफ

इससे पहले रविवार को इसरो ने चंद्रयान-3 के विक्रम लैंडर के साथ लगे चेस्ट पेलोड के चांद की सतह पर मापी गई तापमान भिन्नता का एक ग्राफ जारी किया था। इसरो की ओर से जारी किए गए ग्राफ में चांद की सतह का तापमान -10 डिग्री सेल्सियस से 50 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा तक दिखाई दे रहा है।

इसरो ने बताया था कि पेलोड में तापमान जांचने का यंत्र है जोकि सतह के नीचे 10 सेमी की गहराई तक पहुंचने में सक्षम है। इसमें 10 तापमान सेंसर लगे हैं. बता दें कि, इसरो ने 14 जुलाई को चंद्रयान-3 मिशन लॉन्च किया था।

यह भी पढ़ें- Aditya-L1 Launch Date: ISRO ने जारी किया सूर्य का अध्ययन करने वाली पहली सैटेलाइट का लॉन्च डेट