Gwalior karwa chauth wife murder case: मध्य प्रदेश के ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र स्थित त्यागी नगर में करवाचौथ के दिन एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की मूसल से वार कर हत्या कर दी. आरोपी को शक था कि पत्नी का उसके बड़े भाई से प्रेम प्रसंग है और करवाचौथ पर उसी ने उसे बिछिया उपहार में दी हैं. इसी बात को लेकर दोनों के बीच रातभर विवाद हुआ. आरोप है कि पत्नी के सो जाने के बाद पति ने उस पर करीब 17 वार किए. हत्या के बाद वह करीब दो घंटे तक शव के पास बैठा रहा और फिर खुद डायल 112 पर फोन कर वारदात की जानकारी दी.
करवाचौथ के दिन पति ने पत्नी को मार डाला
Gwalior karwa chauth wife murder case: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में करवाचौथ की खुशियों के बीच एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. मुरार थाना क्षेत्र के त्यागी नगर में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर मूसल से हमला कर हत्या कर दी. आरोप है कि पति को शक था कि उसकी पत्नी का उसके बड़े भाई के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है. उसे इस बात पर भी आपत्ति थी कि करवाचौथ के मौके पर पत्नी को बिछिया उपहार में दी गई हैं. इसी शक को लेकर दोनों के बीच बुधवार रात से विवाद चल रहा था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सोते समय पत्नी के सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई.
मृतका की पहचान मधु श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम आनंद श्रीवास्तव बताया गया है. दोनों ने प्रेम विवाह किया था और उनके दो बच्चे हैं. परिवार त्यागी नगर में रहता था. मकान के एक हिस्से में आनंद का बड़ा भाई भी पत्नी और बच्चों के साथ रहता है. बताया जाता है कि आनंद और उसके बड़े भाई के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद होता रहता था. पुलिस के अनुसार, मधु अक्सर आनंद को बड़े भाई से झगड़ा नहीं करने और घर में शांति बनाए रखने की सलाह देती थी. लेकिन आनंद उसकी इस बात को गलत समझने लगा था. उसे संदेह होने लगा कि मधु का उसके बड़े भाई के साथ प्रेम संबंध है. इसी बात को लेकर वह पत्नी से अक्सर विवाद करता था और उसके साथ मारपीट भी करता था.
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम से ही आनंद और मधु के बीच विवाद शुरू हो गया था. आनंद को शक था कि उसकी पत्नी को करवाचौथ के अवसर पर उसके बड़े भाई ने बिछिया उपहार में दी हैं. मधु ने इस बात से इनकार किया और पति को समझाने की कोशिश की. उसने यह भी कहा कि वह उससे प्रेम करती है और उसके लिए ही करवाचौथ का व्रत रख रही है. इसके बावजूद आनंद का शक दूर नहीं हुआ. दोनों के बीच रातभर कहासुनी होती रही. आरोप है कि बाद में जब मधु सो गई तो आनंद ने खलबत्ते के मूसल से उसके सिर और चेहरे पर हमला कर दिया. पुलिस के मुताबिक, उसने करीब 17 बार वार किए. हमले में मधु की मौके पर ही मौत हो गई.
वारदात के बाद आनंद करीब दो घंटे तक पत्नी के शव के पास बैठकर रोता रहा. इसके बाद गुरुवार सुबह करीब 10:30 बजे उसने डायल-112 पर फोन किया और पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है. सूचना मिलते ही मुरार थाना प्रभारी गोविंद बगौली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. मधु का शव घर में पलंग पर पड़ा था और उसके चेहरे पर चादर ढकी हुई थी. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की और आरोपी को हिरासत में लिया.
आनंद और मधु के दो बच्चे हैं. उनकी 16 वर्षीय बेटी और 14 वर्षीय बेटे ने पुलिस को बताया कि वे दूसरे कमरे में सो रहे थे. रात में उन्हें माता-पिता के बीच झगड़े की आवाज सुनाई दे रही थी. बच्चों के मुताबिक, सुबह घर का दरवाजा बाहर से बंद था और उनके पिता उन्हें बाहर नहीं आने दे रहे थे. पुलिस के पहुंचने के बाद पड़ोसियों ने दरवाजा खोला. पड़ोसियों और परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, आनंद की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही थी और उसका इलाज चल रहा था. उसे मानसिक आरोग्यशाला में भर्ती भी कराया गया था. बताया गया कि बाद में मधु ही उसे घर लेकर आई थी. हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है. प्रभारी पुलिस अधीक्षक जयराज कुबेर के मुताबिक, आरोपी को अपने बड़े भाई से संपत्ति को लेकर विवाद था. उसे पत्नी के बड़े भाई के साथ संबंध होने का संदेह था. करवाचौथ पर बिछिया उपहार में दिए जाने की बात को लेकर भी विवाद हुआ था. इसी शक और विवाद के बीच उसने पत्नी की हत्या कर दी.
Vimal Pan Masala Advertisement: महाराष्ट्र FDA ने विमल पान मसाला के विज्ञापनों को लेकर शाहरुख…
Jharkhand crime news: झारखंड के जामताड़ा जिले के नौहथिया गांव में गुरुवार रात घरेलू विवाद…
Gold Price Fall: धनतेरस और दिवाली से पहले सोने की कीमतों में गिरावट देखने को…
IND vs NZ 4th T20: न्यूजीलैंड ने ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए चौथे…
Sonakshi Sinha and Zaheer Iqbal: बॉलीवुड अभिनेता सोनाक्षी सिन्हा और ज़हीर इक़बाल ब्यूटी और वेलनेस ब्रांड…
Odisha woman murder case: ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में कुडानगरी थाना क्षेत्र के लूना नदी…