Bihar Nalanda Rape Case: बिहार के नालंदा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक लड़की से गांव के ही पूर्व उप-मुखिया के बेटे ने पिस्तौल की नोंक पर घर में घुसकर रेप किया. अपने साथ ही इस घिनौनी हरकत से आहत होकर लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका के पिता का आरोप है गांव के ही पूर्व उप-मुखिया के बेटे पिस्तौल की नोंक पर बेटी के साथ रेप की वारदात को अंजाम दिया.
मृतका के पिता का कहना है कि जब उन्होंने इस वारदात को विरोध किया तो उनको भी पिस्तौल लगाकर जान से मारने की धमकी दी और फिर फरार हो गया. इससे आहत होकर लड़की ने रात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वारदात के बाद आरोपी के पिता की ओर से धमकी दी जा रही है.
‘कमरे में पकड़े गए थे लड़का और लड़की’
वहीं जानकारी मिलने के बाद नालंदा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है. हालांकि, दारोगा विवेकानंद कुमार का कहना है कि घर में लड़का और लड़की एकसाथ कमरे में पकड़े गए थे, जिसे परिवार के लोग देख लिए थे. उसी कारण लड़की ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है.
सेंकड डिवीजन से लड़की ने पास की थी इंटरमीडिएट की परीक्षा
जानकारी के मुताबिक मृतका हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा द्वितीय श्रेणी से उत्तीर्ण हुई थी और अपने पांच बहनों में सबसे छोटी थी. इस मामले में मृतका की मौसी का भी बयान आया है. उन्होंने बताया कि यह मामला पुरानी चुनावी रंजिश से भी जुड़ा है. आरोपी एक पूर्व वार्ड मेंबर का बेटा है, जो पिछले चुनाव में हार गया था.
‘हथियार के साथ जबरन घर में घुस गया’
आरोपी पक्ष का मानना था कि पीड़िता के परिवार ने उन्हें वोट नहीं दिया, इसी बात को लेकर वे रंजिश रखते थे. इसके बाद बीती रात आरोपी युवक अवैध हथियार के साथ जबरन घर में घुस गया. जब लड़की ने शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने हथियार के बल पर उसे और उसके परिवार को चुप रहने पर मजबूर कर दिया. परिजनों का आरोप है कि उन्हें धमकी दी गई कि अगर मुंह खोला तो गोली मारकर हत्या कर देंगे.