Nutrition and Health: आजकल बहुत से लोग बिना किसी साफ कारण के हर समय थका हुआ महसूस करते हैं. सुबह उठते ही शरीर भारी लगता है, काम में मन नहीं लगता और दिनभर सुस्ती बनी रहती है. कई बार हम इसे सिर्फ नींद की कमी या ज्यादा काम का असर मान लेते हैं, लेकिन असल वजह शरीर में विटामिन और जरूरी पोषक तत्वों की कमी भी हो सकती है.
लगातार रहने वाली थकान हमारे शरीर का एक संकेत है कि अंदर कुछ संतुलन बिगड़ रहा है. अगर सही समय पर ध्यान न दिया जाए तो यह समस्या धीरे-धीरे बढ़ सकती है.हर समय थकान महसूस होना सामान्य बात नहीं है. यह शरीर का संकेत है कि उसे सही पोषण या देखभाल की जरूरत है. अगर पर्याप्त नींद लेने के बाद भी थकान बनी रहती है, तो इसे नजरअंदाज न करें. सही जांच, संतुलित आहार और समय पर इलाज से आप अपनी ऊर्जा और सेहत दोनों बेहतर रख सकते हैं.
विटामिन B12 की कमी और थकान
हेल्थलाइन के रिपोर्ट के अनुसार विटामिन B12 शरीर में लाल रक्त कोशिकाएं बनाने और नसों के सही काम करने के लिए बेहद जरूरी है. जब शरीर में B12 की कमी हो जाती है तो एनीमिया हो सकता है, जिससे कमजोरी, चक्कर आना और लगातार थकान महसूस होती है.जो लोग शाकाहारी या वीगन डाइट लेते हैं, उनमें इसकी कमी का खतरा ज्यादा होता है, क्योंकि यह विटामिन मुख्य रूप से पशु-आधारित खाद्य पदार्थों में पाया जाता है.
आयरन की कमी भी बड़ी वजह
हालांकि आयरन विटामिन नहीं है, लेकिन यह ऊर्जा के लिए बेहद जरूरी तत्व है. आयरन हीमोग्लोबिन बनाने में मदद करता है, जो शरीर के हर हिस्से तक ऑक्सीजन पहुंचाता है. अगर आयरन कम हो जाए तो शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिलती और व्यक्ति हमेशा थका हुआ महसूस करता है.
जिन महिलाओं को ज्यादा मासिक धर्म होता है या जिनकी डाइट संतुलित नहीं है, उनमें आयरन की कमी आम है.
विटामिन D की कमी
विटामिन D हड्डियों, इम्यून सिस्टम और मूड के लिए जरूरी है. इसकी कमी से मांसपेशियों में कमजोरी, लो एनर्जी और उदासी जैसी समस्या हो सकती है. जो लोग धूप में कम निकलते हैं या ज्यादातर समय घर के अंदर रहते हैं, उनमें इसकी कमी अधिक देखी जाती है.
विटामिन C और फोलेट की भूमिका
विटामिन C सिर्फ इम्यूनिटी के लिए ही नहीं, बल्कि आयरन के अवशोषण में भी मदद करता है. इसकी कमी से कमजोरी और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है.
फोलेट (विटामिन B9) लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण और डीएनए बनाने में मदद करता है. इसकी कमी से एनीमिया, चिड़चिड़ापन और ध्यान की कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
थकान से बचने के लिए क्या करें?
सबसे पहले संतुलित आहार लेना जरूरी है. रोज़ के भोजन में हरी सब्जियां, दालें, फल, अंडा, दूध, दही, नट्स और साबुत अनाज शामिल करें.
अगर लंबे समय से थकान बनी हुई है तो डॉक्टर से सलाह लेकर ब्लड टेस्ट करवाना समझदारी है. जरूरत पड़ने पर सप्लीमेंट भी दिए जा सकते हैं, लेकिन बिना सलाह के दवा लेना सही नहीं है.
नियमित हेल्थ चेकअप क्यों जरूरी है?
साल में एक बार फुल बॉडी चेकअप करवाने से शरीर में किसी भी कमी या बीमारी का पता समय रहते चल सकता है. शुरुआती चरण में बीमारी पकड़ में आ जाए तो इलाज आसान और कम खर्चीला होता है.