India News (इंडिया न्यूज)Bihar Namaz on road: बिहार सरकार के मंत्री और बीजेपी के फायरब्रांड नेता नीरज कुमार सिंह के बयान के बाद राज्य में सियासी घमासान मचा हुआ है। नीरज ने कहा कि सड़क चलने के लिए होती है, नमाज पढ़ने के लिए नहीं. ये बहुत दुखद है. उनके पास नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद, मदरसे हैं। अगर उन्हें कहीं जगह नहीं मिलती है तो वे बड़े कब्रिस्तान में जा सकते हैं, वहां जाकर नमाज पढ़ सकते हैं. दिक्कत क्या है? आप वक्फ कानून जानते हैं, जहां भी चार दिन नमाज पढ़ोगे, वो कहेंगे कि ये वक्फ बोर्ड की जमीन है। ये नियम गलत है, तरीका गलत है।
नीरज कुमार सिंह ने कहा, मेरा मानना है कि बिहार में कहीं भी सड़क पर नमाज नहीं पढ़नी चाहिए. मुख्यमंत्री देखेंगे, विचार करेंगे। जनता अपनी आवाज उठा रही है। उन्होंने ये भी कहा कि बिहार का अपना मॉडल है। यहां सुशासन है। यहां सीएम नीतीश कुमार हैं। यहां किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होने दी जाएगी। जहां तक जगराता की बात है, वो जगह पर होता है. खेत में होता है, सड़क पर कहीं नहीं होता।
नीरज कुमार सिंह ने यह भी कहा, हिंदू समाज अगर मांसाहार से परहेज करता है, अगर वे मांग करते हैं कि इस पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए तो इस पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। लोगों को पूजा-पाठ में दिक्कत होती है और मांसाहार देखने में भी उन्हें दिक्कत होती है। अगर लोग मांग करते हैं तो इस पर निश्चित रूप से प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए। हम इसके समर्थन में हैं। लोग मांग करते हैं, जहां भी संभव होगा प्रतिबंध लगाया जाएगा। लोगों की भावनाओं को रोका नहीं जा सकता। अगर करोड़ों सनातनियों को मांस-मछली पर प्रतिबंध चाहिए तो हम भी इसके समर्थन में हैं।
इस मामले पर पलटवार करते हुए विकासशील इंसान पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता देव ज्योति ने कहा कि यह भाजपा है। नीरज कुमार सिंह बिहार सरकार के मंत्री हैं। मंत्री पद पर रहते हुए ऐसी भावनाएं? आप जहर उगल रहे हैं। आने वाले समय में जनता माफ नहीं करेगी। सरकार के मंत्री को ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
उन्होंने कहा, उन्हें इस्तीफा देने के बाद यह बात कहनी चाहिए। उन्हें महंगाई पर बात करनी चाहिए। उन्हें शिक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य व्यवस्था पर बात करनी चाहिए। आपने विधानसभा में किसी बात पर बात नहीं की। आपने किसी बात का जवाब नहीं दिया। आपने जनता को मिलने वाले लाभ के बारे में कुछ नहीं कहा। इस तरह से आप हिंदू-मुस्लिम कार्ड खेलकर राजनीति करेंगे।