IITian Couple Story: अक्सर लोग परंपरागत राह से अलग कुछ नया करने की मिसाल पेश करते हैं. ऐसी ही एक दिलचस्प कहानी है एक आईआईटियन कपल की, जिसने लंदन जैसे तेज़ और प्रतिस्पर्धी फूड मार्केट में एक बेहद साधारण सी पानी पूरी को लोगों के बीच बातचीत और जुड़ाव का ज़रिया बना दिया. इस अनोखे कॉन्सेप्ट के पीछे हैं NRI अंकिता खांते (Ankita Khante), जो अपने पति अमन कृष्णा (Aman Krishna) के साथ मिलकर लंदन में एक खास सपर क्लब चला रही हैं.
उनका यह आइडिया सिर्फ़ खाने तक सीमित नहीं है, बल्कि अजनबियों को एक टेबल पर बैठाकर कम्युनिटी और कनेक्शन बनाने की कोशिश है. भारतीय स्वाद और आधुनिक सोशल डाइनिंग के इस मेल ने लंदन में लोगों का ध्यान खींचा है और दिखाया है कि कभी-कभी सबसे साधारण चीज़ें ही सबसे गहरा असर छोड़ती हैं.
IIT से डिजाइन स्टूडियो तक का सफर
महाराष्ट्र के नागपुर में पली-बढ़ीं अंकिता खांते ने VNIT नागपुर से आर्किटेक्चर और IIT गुवाहाटी से डिज़ाइन में मास्टर डिग्री हासिल की. लंदन शिफ्ट होने से पहले उन्होंने सैमसंग रिसर्च बेंगलुरु में प्रोडक्ट डिज़ाइनर के तौर पर काम किया. वर्ष 2024 में शादी के बाद वह UK चली गईं और यहीं से उनके नए सफर की शुरुआत हुई. उनके पति अमन कृष्णा उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं. उन्होंने IIT धनबाद से बैचलर और IIIT हैदराबाद से मास्टर किया है. दोनों का टेक और डिज़ाइन बैकग्राउंड इस नए फूड वेंचर में भी साफ झलकता है.
‘द बूज़ी क्लब’: जहां खाना बनाता है कम्युनिटी
अंकिता और अमन मिलकर हर महीने ‘The Boozy Club’ नाम से एक टिकट-आधारित सपर क्लब होस्ट करते हैं. इस क्लब का मकसद सिर्फ खाना परोसना नहीं, बल्कि अजनबियों को बातचीत और अनुभव के ज़रिए जोड़ना है. लंदन में नए लोगों को अक्सर दोस्त बनाने में मुश्किल होती है. इसी गैप को भरने के लिए उन्होंने खाने को एक सोशल टूल बनाया. शुरुआत कुछ दोस्तों के साथ हुई और धीरे-धीरे यह एक लोकप्रिय सपर क्लब बन गया.
पानी पूरी बनी आइसब्रेकर
कुछ इवेंट्स के बाद उन्हें एहसास हुआ कि शुरुआत के पहले 10 मिनट सबसे अहम होते हैं. तभी उन्होंने पानी पूरी को आइसब्रेकर के तौर पर पेश करना शुरू किया. हर मेहमान की अपनी “परफेक्ट पानी पूरी” की उम्मीद होती है, और यहीं से बातचीत अपने-आप शुरू हो जाती है. आज यह उनकी सिग्नेचर शुरुआत बन चुकी है.
7-कोर्स इंडियन-फ्यूज़न मेन्यू और टिकट डिटेल्स
हर सपर में 10–12 मेहमानों को 7-कोर्स इंडियन-फ्यूज़न मेन्यू परोसा जाता है. एचटी की एक रिपोर्ट्स के अनुसार टिकट की कीमत £50 प्रति व्यक्ति (लगभग ₹6,000) है. फेस्टिव सीज़न में वे खास थीम-आधारित डिनर सीरीज़ भी आयोजित करते हैं. बिज़नेस बैकग्राउंड न होने के बावजूद, दोनों ने प्राइसिंग, ऑपरेशन्स, लोकल टेस्ट और UK के नियमों को खुद सीखकर संभाला। IIT की ट्रेनिंग ने उन्हें रिस्क लेने और नए माहौल में जल्दी सीखने का आत्मविश्वास दिया.
सपर क्लब एक ऐसा अनुभव है जो रेस्टोरेंट और प्राइवेट डिनर पार्टी के बीच का फॉर्मेट होता है, जहां अजनबी लोग एक साथ बैठकर खाना खाते हैं और बातचीत के ज़रिये जुड़ते हैं. अंकिता और अमन की कहानी यह दिखाती है कि साधारण भारतीय स्ट्रीट फूड भी ग्लोबल लेवल पर लोगों को जोड़ सकता है. लंदन में पानी पूरी अब सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि कम्युनिटी का प्रतीक बन चुकी है.