India News (इंडिया न्यूज), Chhattisgarh Weather News Today: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। बीते 24 घंटों के दौरान कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, लेकिन अब राज्य में तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जिससे गर्मी का असर बढ़ेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में हो रहे बदलाव का कारण पश्चिमी विक्षोभ, चक्रवाती परिसंचरण और द्रोणिका हैं। एक पश्चिमी विक्षोभ 5.8 से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है, जिससे उत्तरी छत्तीसगढ़ में हल्की नमी देखी गई। इसके अलावा, एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका विदर्भ से तमिलनाडु तक फैली हुई है, जिसका असर कुछ हिस्सों में नजर आ सकता है। हालांकि, इसका व्यापक प्रभाव प्रदेश में नहीं पड़ा है।
Chhattisgarh Weather News Today छत्तीसगढ़ मौसम समाचार आज
बीते 24 घंटों के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा सूरजपुर जिले में 28 मिमी हुई। इसके अलावा, प्रेमनगर, गिधौरी टुंड्रा, रामानुजनगर, सारंगढ़, कोंडागांव और बिलाईगढ़ में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
प्रदेश में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में तापमान और चढ़ेगा। बीते 24 घंटों में छत्तीसगढ़ का सबसे अधिक तापमान जगदलपुर में 35.6°C दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 16.1°C रहा। राजधानी रायपुर में 24 मार्च को आकाश आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और गर्मी का असर बढ़ेगा। लोगों को गर्मी से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीने और धूप में ज्यादा देर न रहने की सलाह दी गई है।