Who Is Ashok Sharma: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में राजस्थान के युवा तेज गेंदबाज अशोक शर्मा ने इतिहास रच दिया है. 23 साल के क्रिकेटर अशोक शर्मा ने आईपीएल 2026 में अपनी रफ्तार से क्रिकेट जगत के दिग्गजों को हैरान कर दिया है. 4 अप्रैल को गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) की ओर से खेलते हुए अशोक शर्मा ने राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के खिलाफ इस सीजन की सबसे तेज गेंद फेंकी. अशोक शर्मा ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 154.2 किमी प्रति घंटे की स्पीड से एक गेंद डाली, जो इस सीजन की सबसे तेज गेंद है. इससे पहले इस सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ऑनरिक नॉर्ख्या ने 150.9 किमी प्रति घंटे की स्पीड से गेंद फेंकी थी. अब अशोक शर्मा ने नॉर्ख्या का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. साथ ही अशोक शर्मा आईपीएल में 150 से ज्यादा की स्पीड से गेंद डालने वाली खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिनमें चुनिंदा भारतीय गेंदबाज ही शामिल हैं.
अशोक शर्मा की खतरनाक स्पेल
शनिवार (4 अप्रैल) को अहमदाबाद में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया. इस मैच में राजस्थान ने गुजरात को 6 रन से हरा दिया, लेकिन गुजरात टाइटंस के गेंदबाज अशोक शर्मा (Ashok Sharma) ने खूब सुर्खियां बटोरीं. अशोक शर्मा ने लगातार 145 से ज्यादा की औसत स्पीड से गेंद डाली. इसके बाद 16वें ओवर में अशोक शर्मा ने कमाल कर दिया. उन्होंने पहली ही गेंद से अपना इरादा जाहिर कर दिया था. अशोक शर्मा ने ओवर की चौथी गेंद ही 150.7 किमी प्रति घंटे की स्पीड से डाली. इसके बाद आखिरी गेंद पर उन्होंने जो किया, उसे देख कमेंटेटर्स भी हैरान रह गए. अशोक शर्मा ने आखिरी गेंद पर अपनी पूरी ताकत लगाकर इस सीजन की सबसे तेज गेंद फेंक दी, जिसकी रफ्तार 154 किमी प्रति घंटे से ज्यादा रही.
Blink and you miss it 😮
Ashok Sharma records the 𝗳𝗮𝘀𝘁𝗲𝘀𝘁 𝗯𝗮𝗹𝗹 𝗼𝗳 𝘁𝗵𝗲 𝘀𝗲𝗮𝘀𝗼𝗻 at 1⃣5⃣4⃣.2⃣ kmph 🔥
WATCH it here ▶️ https://t.co/coCcGMJpoq#TATAIPL | #KhelBindaas | #GTvRR | @gujarat_titans pic.twitter.com/2JBv0nNhzu
— IndianPremierLeague (@IPL) April 4, 2026
आईपीएल इतिहास की सबसे तेज गेंद
- शॉन टेट- 157.7 किमी प्रति घंटा
- लॉकी फर्ग्यूसन- 157.4 किमी प्रति घंटा
- उमरान मलिक- 157.00 किमी प्रति घंटा
- मयंक यादव- 156.7 किमी प्रति घंटा
- ऑनरिक नॉर्ख्या- 156.2 किमी प्रति घंटा
- अशोक शर्मा- 152.2 किमी प्रति घंटा
कौन हैं अशोक शर्मा?
अशोक शर्मा इस समय आईपीएल में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं. हालांकि उनका यह सफर इतना आसान नहीं रहा है. अशोक शर्मा राजस्थान के जयपुर के पास रामपुर गांव से ताल्लुक रखते हैं. उनके पिता किसान हैं, जो चाहते थे कि अशोक शर्मा पढ़ाई करें या फिर किसानी करें. हालांकि अशोक शर्मा के भाई के इरादे कुछ अलग थे. अशोक के भाई अक्षय ने उन्हें क्रिकेटर बनाने की ठान ली. इसके चलते अक्षय ने खुद क्रिकेट खेलना छोड़ दिया और अशोक को आगे बढ़ाने लगे. भाई ने अपने सपनों को छोड़कर अशोक को एकेडमी भेजा, जहां पर वह अपनी स्किल पर काम कर सके. नतीजा यह रहा है कि अशोक शर्मा दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में अपनी रफ्तार से कोहराम मचा रहे हैं. अशोक शर्मा का कहना है कि वह नेचुरली इतनी तेज रफ्तार से गेंद डालते हैं.
बता दें कि IPL 2025 में अशोक शर्मा राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा थे, लेकिन डेब्यू करने का मौका नहीं मिला था. पिछले साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अशोक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 10 मैचों में 9.25 की इकॉनमी और 15.63 औसत से 22 विकेट चटकाए. इसके बाद आईपीएल फ्रेंचाइजी की नजर उन पर पड़ी. फिर IPL 2026 के मिनी ऑक्शन में गुजरात टाइटंस ने अशोक शर्मा को 90 लाख रुपये में अपनी स्क्वाड में शामिल कर लिया.