ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के चर्चित 2018 बॉल टैंपरिंग विवाद यानी सैंडपेपर कांड पर एक बार फिर बहस तेज हो गई है. पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर के नए खुलासों के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के CEO टॉड ग्रीनबर्ग ने साफ कर दिया है कि इस मामले की दोबारा जांच नहीं होगी. उन्होंने कहा कि बोर्ड को पुरानी जांच दोबारा खोलने का कोई ठोस कारण नजर नहीं आता.
क्या बोले टॉड ग्रीनबर्ग?
ग्रीनबर्ग ने मंगलवार को SEN रेडियो से बातचीत में कहा कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया 2018 में हुई जांच के नतीजों से संतुष्ट है. उनके मुताबिक, उस समय की घटनाओं को लेकर टीम के अलग-अलग खिलाड़ियों के बयान एक-दूसरे से मेल नहीं खाते. ऐसे में आठ साल पुराने मामले को फिर से खोलने से कोई खास फायदा नहीं होगा. उन्होंने यह भी कहा कि वह 2018 में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के प्रशासन का हिस्सा नहीं थे, लेकिन उन्होंने उस दौरे पर मौजूद कई खिलाड़ियों से बातचीत की है. उनके अनुसार, कुछ खिलाड़ियों का घटनाक्रम को लेकर नजरिया ख्वाजा के दावों से बिल्कुल अलग है.
उस्मान ख्वाजा ने अपनी किताब में क्या खुलासा किया?
विवाद की शुरुआत उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा ‘Sabr’ में किए गए खुलासों से हुई है. ख्वाजा ने दावा किया है कि 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गेंद से छेड़छाड़ की चर्चा केवल स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट तक सीमित नहीं थी. उन्होंने कहा कि टीम के कई सदस्यों के बीच गेंद को खुरदरा करने के तरीकों पर बातचीत होती थी. ख्वाजा ने यह भी दावा किया कि केपटाउन टेस्ट से पहले पोर्ट एलिजाबेथ में खेले गए टेस्ट के दौरान भी सैंडपेपर का इस्तेमाल हुआ था. उन्होंने सवाल उठाया कि उस समय जांच के दौरान उनसे पूछताछ क्यों नहीं की गई, जबकि वह केपटाउन टेस्ट में बैनक्रॉफ्ट के साथ बैठे थे.
डेविड वॉर्नर ने किया ख्वाजा का समर्थन
डेविड वॉर्नर ने सोशल मीडिया पर ख्वाजा के दावों का समर्थन करते हुए उनकी बातों को 100 प्रतिशत सही बताया. उन्होंने 2018 की जांच को जल्दबाजी में की गई और त्रुटिपूर्ण जांच करार दिया. गौरतलब है कि 2018 में केपटाउन टेस्ट के दौरान बैनक्रॉफ्ट को गेंद की स्थिति बदलने की कोशिश करते कैमरे में पकड़ा गया था. इसके बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट पर प्रतिबंध लगाया था. वहीं, टीम के गेंदबाजों ने 2021 में कहा था कि उन्हें गेंद से छेड़छाड़ की योजना की पहले से जानकारी नहीं थी.
अब ख्वाजा और वॉर्नर के बयानों के बाद यह विवाद फिर सुर्खियों में है, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने फिलहाल जांच दोबारा शुरू करने की संभावना खारिज कर दी है.