Nvidia CEO Jensen Huang: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने Nvidia के CEO जेनसन हुआंग का बचाव किया है. दरअसल, हुआंग का नाम एक ऐसे मामले में सामने आया है, जिसकी जांच अमेरिकी जांच एजेंसी FBI कर रही है. आरोप है कि जिस चीनी महिला के साथ हुआंग के संबंध थे, वह चीन के लिए अमेरिका की खुफिया जानकारी जुटा रही थी. हालांकि, अभी तक इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है.
सोमवार को व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्होंने हुआंग से फोन पर बात की थी और उनका हालचाल जाना था. ट्रंप के मुताबिक, हुआंग ने उनसे कहा कि उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि जिस महिला के साथ उनके संबंध थे, उसका चीन की खुफिया एजेंसी से कोई जुड़ाव हो सकता है.
ट्रंप ने हुआंग को एक ईमानदार व्यक्ति बताया. उन्होंने कहा कि वह उन्हें अच्छी तरह जानते हैं और उन्हें भरोसा है कि इस मामले में हुआंग की स्थिति ठीक रहेगी.
क्या है जेनसन हुआंग से जुड़ा पूरा मामला?
यह विवाद जेनसन हुआंग और एलिस हुआंग नाम की एक चीनी महिला के कथित रिश्ते से जुड़ा है. द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि एलिस हुआंग चीन के लिए जानकारी जुटा रही थीं.
बताया जाता है कि एलिस हुआंग पहले सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी Megaspeed International में बड़े पद पर काम कर चुकी हैं. इस कंपनी पर पहले भी आरोप लगे थे कि वह गैरकानूनी तरीके से Nvidia के एडवांस चिप्स चीन भेज रही थी.
हालांकि, जेनसन हुआंग पर लगे आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं. उन्होंने अपनी पत्नी और Nvidia से माफी भी मांगी है. कंपनी की वेबसाइट पर जारी एक खुले पत्र में हुआंग ने अपने अफेयर की बात स्वीकार की और कहा कि वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता है.
Nvidia ने शुरू की मामले की स्वतंत्र जांच
इस पूरे विवाद के सामने आने के बाद Nvidia ने भी जांच शुरू कर दी है. कंपनी ने रविवार को बताया कि वह इस बात की स्वतंत्र जांच करा रही है कि कहीं जेनसन हुआंग किसी विदेशी खुफिया अभियान का निशाना तो नहीं बने थे.
इस मामले पर अमेरिकी सांसदों ने भी चिंता जताई है. डेमोक्रेटिक पार्टी के सीनेटर मार्क वार्नर और हाउस डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफ्रीज ने कहा है कि वे इस मामले की गहराई से जांच करना चाहते हैं.
जेफ्रीज के मुताबिक, CIA और अमेरिका के नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर के साथ बंद कमरे में हुई बैठक में भी Nvidia का यह मामला उठा था. उन्होंने इस पर पूरी जानकारी देने की मांग की है.
चीन ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
दूसरी तरफ, चीन ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने कहा कि बीजिंग पर जेनसन हुआंग को फंसाने की कोशिश करने का आरोप बेबुनियाद है. उन्होंने इसे चीन की छवि खराब करने की कोशिश बताया.
इस बीच ट्रंप अगले सप्ताह एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) समिट में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात करने वाले हैं. जब उनसे पूछा गया कि क्या वह इस मुद्दे को जिनपिंग के सामने उठाएंगे, तो ट्रंप ने कहा कि फिलहाल उन्हें ऐसा नहीं लगता, हालांकि उन्होंने इस संभावना से पूरी तरह इनकार भी नहीं किया.
Nvidia के लिए क्यों अहम है यह जांच?
यह मामला सिर्फ जेनसन हुआंग की निजी जिंदगी तक सीमित नहीं है. Nvidia दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनियों में से एक है. इसके बनाए एडवांस चिप्स का इस्तेमाल दुनियाभर की कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक विकसित करने में करती हैं.
अमेरिका लंबे समय से चीन को एडवांस सेमीकंडक्टर चिप्स की सप्लाई सीमित करने की कोशिश कर रहा है. इन चिप्स का इस्तेमाल कारोबार के साथ-साथ सैन्य और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कामों में भी हो सकता है.
जेनसन हुआंग पहले भी अमेरिकी सरकार से चीन को चिप बेचने पर लगी पाबंदियों में ढील देने की मांग कर चुके हैं. फिलहाल Nvidia के कुछ चिप्स की चीन को बिक्री पर अमेरिकी प्रतिबंध लागू हैं.
Nvidia के शेयरों में भी आई गिरावट
इस पूरे मामले का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला है. PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को Nvidia के शेयर 4 फीसदी से ज्यादा गिर गए. पिछले बुधवार से सोमवार तक कंपनी के शेयरों में करीब 11 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी.
निवेशकों की नजर अब इस बात पर है कि जांच में क्या सामने आता है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इस कथित जासूसी मामले के दौरान Nvidia की गोपनीय कारोबारी जानकारी या अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी तक किसी की पहुंच बनी थी.
यह भी पढ़ें: एक महिला, 4.8 अरब डॉलर की चिप डील और चीन का जासूसी एंगल, कौन हैं Alice Huang?