Shah Rukh Khan Viral Video: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए IPL 2026 की शुरुआत काफी खराब रही है. शुरुआती 2 मैचों में केकेआर को लगातार 2 हार का सामना करना पड़ा, जबकि पंजाब किंग्स के खिलाफ तीसरा मैच बारिश में धुल गया. तीसरे मुकाबले में भी केकेआर के हारने की ज्यादा संभावना थी, क्योंकि उन्हें टॉस के समय ही ब्लंडर कर दिया था. 3 मैचों के बाद केकेआर के खाते में सिर्फ 1 प्वाइंट आए हैं. ऐसे में केकेआर के मालिक शाहरुख खान टीम के खराब प्रदर्शन से नाराज दिखाई दे रहे हैं. दरअसल, मंगलवार को शाहरुख खान केकेआर बनाम पंजाब किंग्स का मैच देखने के लिए ईडन गार्डन्स पहुंचे थे. बारिश के कारण मैच रुक गया था. इसी दौरान शाहरुख खान कोलकाता नाइट राइडर्स के सीईओ से बातचीत करते दिखाई दिए. केकेआर के मालिक शाहरुख खान ने फ्रेंचाइजी के CEO वेंकी मैसूर से सीरियस बातचीत की. उनकी बातचीत का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
शाहरुख खान ने CEO को क्या समझाया?
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) टीम के CEO वेंकी मैसूर से गंभीरता से बातचीत कर रहे हैं. इस दौरान शाहरुख खान हाथ हिला-हिलाकर CEO को कुछ समझाते हुए भी दिखाई देते हैं. वहीं, केकेआर के CEO वेंकी मैसूर शाहरुख की बातों पर सिर हिला रहे थे. इस वीडियो के सामने आने के बाद दावा किया जा रहा है कि शाहरुख खान इस सीजन अपनी टीम के खराब प्रदर्शन को लेकर नाराज हैं. इसी को लेकर वह CEO से बातचीत कर रहे थे.
— Nihari Korma (@NihariVsKorma) April 6, 2026
बारिश की वजह से धुला मैच
मैच की बात करें, तो कोलकाता में भारी बारिश होने के कारण मैच रद्द करने का फैसला लिया गया. इसके चलते दोनों टीमों को 1-1 प्वाइंट बांट दिए गए. हालांकि इस मैच में 3.4 ओवर का खेल हुआ था. कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी. पंजाब किंग्स के गेंदबाजों ने शानदार शुरुआत की. तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने एक ही ओवर में केकेआर के 2 बल्लेबाजों को आउट कर दिया था. फिन एलन 6 रन और कैमरन ग्रीन 4 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, अजिंक्य रहाणे और अंगकृष रघुवंशी क्रीज पर थे. 3.4 ओवर में कोलकाता का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 25 रन पर था. इसके बाद बारिश होने के कारण आगे का खेल नहीं हो पाया.
बता दें कि कोलकाता की टीम इस सीजन अपने 2 मुकाबले हार गई है. पहले कोलकाता को मुंबई इंडियंस से हार का सामना करना पड़ा था. इसके बाद दूसरे मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने भी कोलकाता को शिकस्त दी थी. अब कोलकाता की टीम 9 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच खेलने के लिए उतरेगी.