Shivang Kumar IPL Debut: SRH भले ही पंजाब के खिलाफ मुकाबला हार गई लेकिन गेंदबाज शिवांग कुमार ने पंजाब के 3 अहम विकेट लेकर अपना लोहा मनवाया है. शिवांग कुमार की आईपीएल तक पहुँचने की कहानी वैसी बिल्कुल नहीं है जैसी हम अक्सर सुनते हैं. मुरादाबाद के इस 23 साल के स्पिनर ने इसी सीजन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अपना डेब्यू किया, लेकिन उनकी इस कामयाबी के पीछे बड़े फैसलों, मुश्किल वक्त और एक फिल्म ‘MS Dhoni: The Untold Story’ का बड़ा हाथ है. 2026 के मिनी ऑक्शन में 30 लाख रुपये में खरीदे गए शिवांग के लिए यह मुकाम रातों-रात नहीं आया.
इस सफर की शुरुआत हुई हरथला की रेलवे कॉलोनी से. उनके पिता प्रवीण कुमार, जो खुद बंगाल के लिए रणजी खेल चुके हैं और रेलवे में चीफ टिकट इंस्पेक्टर हैं, उन्होंने शिवांग की ट्रेनिंग की कमान संभाली. यहाँ एक बड़ा बदलाव हुआ, शिवांग वैसे तो दाएं हाथ के खिलाड़ी थे, लेकिन उनके पिता ने उन्हें लेफ्ट आर्म रिस्ट स्पिनर बना दिया. शिवांग आज भी अपने पिता के इस फैसले को उनका सबसे बड़ा मास्टरपीस मानते हैं.
जब हार मानकर खेल छोड़ दिया था
हर उभरते खिलाड़ी की तरह शिवांग के जीवन में भी एक ऐसा मोड़ आया जब उन्हें सब खत्म लगने लगा था.अंडर-14 टीम में सिलेक्शन न होने पर वो इतने टूट गए कि 5 महीने तक क्रिकेट से पूरी तरह दूरी बना ली. लगा कि अब करियर शुरू होने से पहले ही थम गया है. लेकिन फिर एक फिल्म ने उनकी सोच बदल दी. ‘MS Dhoni: The Untold Story’ देखने के बाद शिवांग को लगा कि जब धोनी संघर्ष करके वहां तक पहुँच सकते हैं, तो वो क्यों नहीं? धोनी के संघर्ष की कहानी ने उन्हें मैदान पर वापस लौटने का हौसला दिया. दिलचस्प बात यह है कि शिवांग की यह कहानी पाकिस्तानी स्पिनर उस्मान तारिक(Usman Tariq) से काफी मिलती है. उस्मान ने भी एक बार कहा था कि धोनी की फिल्म देखने के बाद ही उन्होंने क्रिकेट में वापसी की थी.
मैदान पर दिखाया दम
वापसी के बाद शिवांग ने अपनी गेंदबाजी से जवाब देना शुरू किया. घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन लाजवाब रहा, खासकर विजय हजारे ट्रॉफी में जहाँ उन्होंने सिर्फ 3 मैचों में 10 विकेट चटकाए. कर्नाटक के खिलाफ लिए गए 5 विकेटों ने आईपीएल स्काउट्स का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (T20) में भी उन्होंने 25 रन देकर 3 विकेट जैसे शानदार स्पेल डाले. हालांकि, आईपीएल का रास्ता फिर भी आसान नहीं था. कई ट्रायल दिए और कुछ मौकों पर तो सनराइजर्स हैदराबाद के साथ ट्रायल्स में टाइमिंग की वजह से बात नहीं बन पाई. लेकिन SRH ने उन पर नजर बनाए रखी और ऑक्शन में उन्हें बेस प्राइस पर खरीदकर वो मौका दिया जिसका शिवांग को बरसों से इंतजार था.
हैदराबाद बनाम पंजाब मैच का हाल (SRH vs PBKS)
मैच की बात करें तो आज शनिवार को खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स हैदराबाद को हराकर IPL 2026 में जीत की हैट्रिक पूरी कर ली है. सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ 220 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने छह विकेट से जीत हासिल की. मैच का हाल जो भी हो लेकिन शिवांग ने पंजाब का 3 विकेट लेकर अपनी उपस्थिति का लोहा मनवाया है