Nawada liquor smuggling: बिहार के नवादा में शराब तस्करी का अनोखा तरीका सामने आया है. तस्करों ने बोलेरो की छत में गुप्त तहखाना बनाकर 140.04 लीटर विदेशी शराब छिपाई थी. गोविंदपुर उत्पाद जांच चौकी पर तलाशी के दौरान 778 टेट्रा पैक बरामद किए गए. उत्पाद विभाग ने झारखंड निवासी रोहन साव और मोहम्मद असलम को गिरफ्तार कर बोलेरो जब्त कर ली है.
बोलेरो की छत में बना रखा था गुप्त तहखाना, 'पुष्पा' स्टाइल में हो रही थी शराब की तस्करी
Nawada liquor smuggling: बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की तस्करी के लिए तस्कर नए नए तरीके अपना रहे हैं. नवादा में शराब तस्करी का एक ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां तस्करों ने बोलेरो की छत के अंदर गुप्त तहखाना बना रखा था. बाहर से सामान्य दिखने वाली इस गाड़ी के सीक्रेट चैंबर में बड़ी मात्रा में टेट्रा पैक विदेशी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी. उत्पाद विभाग की टीम ने गोविंदपुर जांच चौकी पर जांच के दौरान इस अनोखी तरकीब का पर्दाफाश किया. कार्रवाई में चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
जानकारी के मुताबिक, झारखंड की ओर से आ रही एक बोलेरो को गोविंदपुर उत्पाद जांच चौकी पर जांच के लिए रोका गया. पहली नजर में गाड़ी सामान्य दिखाई दे रही थी, लेकिन उसकी बनावट देखकर उत्पाद विभाग की टीम को शक हुआ. इसके बाद जब वाहन की छत की बारीकी से जांच की गई तो उसके अंदर एक गुप्त तहखाना मिला. टीम ने छत को काटकर तलाशी ली तो उसमें छिपाकर रखे गए टेट्रा पैक विदेशी शराब के कई पैकेट बरामद हुए.
तस्करों ने शराब की खेप को पुलिस और उत्पाद विभाग की नजरों से बचाने के लिए बोलेरो में खास बदलाव कराया था. गाड़ी की छत के अंदर ऐसा गुप्त स्थान तैयार किया गया था, जिसमें बड़ी मात्रा में शराब रखी जा सके. बाहर से देखने पर इस तहखाने का अंदाजा लगाना भी मुश्किल था. यह तरीका साउथ की फिल्म ‘पुष्पा’ में दिखाई गई चंदन की लकड़ी की तस्करी की तरकीब की याद दिलाता है, जहां गाड़ियों में गुप्त जगह बनाकर प्रतिबंधित सामान छिपाया जाता है.
बरामद शराब की मात्रा कुल 140.04 लीटर बताई गई है. इसमें 180 एमएल के कुल 778 टेट्रा पैक शामिल हैं. शराब ऑफिसर्स चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की ब्रांड की है. पैकेटों पर ‘For Sale in Uttar Pradesh Only’ लिखा हुआ था. इससे पता चलता है कि शराब की यह खेप उत्तर प्रदेश में बिक्री के लिए थी, लेकिन इसे बिहार के रास्ते ले जाया जा रहा था.
इस मामले में उत्पाद विभाग ने बोलेरो चालक रोहन साव और उसके साथ मौजूद मोहम्मद असलम को गिरफ्तार किया है. रोहन साव बोकारो स्टील सिटी का रहने वाला है, जबकि मोहम्मद असलम झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ का निवासी है. टीम ने शराब की खेप के साथ तस्करी में इस्तेमाल बोलेरो को भी जब्त कर लिया है. दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. उत्पाद विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी.
Fish scattered on the road: मुरादाबाद में दिल्ली रामपुर हाईवे पर मुंढापांडे जीरो पॉइंट के…
Kanpur female boxer death: कानपुर के महाराजपुर में हाईवे किनारे 26 वर्षीय महिला बॉक्सर और…
Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के लोनी में 15 वर्षीय किशोर पर अपने 58 वर्षीय पिता…
Gautam Buddha Nagar Crime: पुलिस के अनुसार, कुछ समय पहले अनिल जेल में बंद था.…
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने केन्दुझर में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और…
Mumbai local train fight: मुंबई की चर्चगेट-विरार लोकल ट्रेन में यात्रियों के बीच मारपीट का…