Barnala murder case: पंजाब के बरनाला में चन्ननवाल गांव के पास खेत में चारा काट रही करमजीत कौर की उसके पति भोला सिंह ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. इसके बाद पति ने जहरीला पदार्थ खा लिया और अस्पताल में उसकी भी मौत हो गई. दंपति के चार बच्चे हैं. पुलिस हत्या और पति की मौत के पीछे की वजह की जांच कर रही है. नशे की लत और पारिवारिक विवाद की चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है.
पंजाब में दिल दहला देने वाली वारदात
Barnala murder case: पंजाब के बरनाला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां खेत में मवेशियों के लिए चारा काट रही एक महिला की उसके पति ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति गांव लौट आया और जहरीला पदार्थ खा लिया. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान करीब 50 वर्षीय भोला सिंह और उसकी पत्नी करमजीत कौर उर्फ कम्मो के रूप में हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.
पुलिस के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार दोपहर बरनाला के चन्ननवाल गांव के पास खेतों में हुई. महल कलां थाने की एसएचओ कमलजीत कौर ने बताया कि करमजीत कौर रोजाना की तरह गांव की एक अन्य महिला मनजीत कौर के साथ मवेशियों के लिए चारा लेने गई थी. दोनों खेत में घास काट रही थीं. इसी दौरान उसका पति भोला सिंह पीछे से आया और कथित तौर पर कुल्हाड़ी से करमजीत कौर पर कई वार कर दिए. हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
पत्नी पर हमला करने के बाद भोला सिंह गांव लौट आया. इसके बाद उसने जहरीला पदार्थ खा लिया. उसकी हालत बिगड़ने पर उसे बरनाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. डीएसपी जसविंदर कौर ने दंपति की मौत की पुष्टि की है.
भोला सिंह और करमजीत कौर के चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं. परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, सबसे बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बाकी बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं. अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. करमजीत कौर पशुपालन के जरिए परिवार की आर्थिक मदद करती थी, जबकि भोला सिंह दिहाड़ी मजदूरी करता था.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भोला सिंह कथित तौर पर नशे का आदी था और इस वजह से परिवार में अक्सर विवाद होने की बात सामने आई है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि हत्या के पीछे नशे की लत या कोई अन्य कारण था. यह भी स्पष्ट नहीं हुआ है कि वारदात से पहले दंपति के बीच किसी तरह का विवाद हुआ था या नहीं. बताया गया है कि भोला सिंह ने दो शादियां की थीं. पहली शादी से उसका एक बेटा भी था, जो गांव में अलग रहता है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.
Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के लोनी में 15 वर्षीय किशोर पर अपने 58 वर्षीय पिता…
Gautam Buddha Nagar Crime: पुलिस के अनुसार, कुछ समय पहले अनिल जेल में बंद था.…
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने केन्दुझर में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और…
Mumbai local train fight: मुंबई की चर्चगेट-विरार लोकल ट्रेन में यात्रियों के बीच मारपीट का…
UP DA Hike: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने दिवाली से पहले सरकारी कर्मचारियों को…
NSE 7 दिसंबर से क्लोजिंग प्राइस और डेरिवेटिव्स ट्रेडिंग के नियम बदलेगा. नया 10 मिनट…