इंडिया न्यूज, नई दिल्ली:
शनिवार को चतुर्थी के बाद दिल्ली के वजीराबाद क्षेत्र में गणेश मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। मूर्ति विसर्जन करते समय चार बच्चे यमुना में डूब गए। इस दौरान एक किशोर को तो बचा लिया गया लेकिन तीन अब भी लापता हैं। लापता बच्चों का नाम शिवम, विवेक और विजय है। मामले की सूचना पुलिस के अलावा दमकल विभाग और बोट क्लब को दी गई। घटना के बाद से लापता बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गणपति विसर्जन के दौरान जश्न का माहौल मातम में तब्दील हो गया। देर रात तक चले आॅपरेशन के बाद डूबे तीनों किशोरों का सुराग नहीं लग पाया था। तिमारपुर थाना पुलिस के मुताबिक यमुना में रात करीब नौ बजे तक रेस्क्यू आॅपरेशन चला। अंधेरा और मौसम खराब होने के कारण बचाव कार्य रोक दिया गया। पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम के समय करावल नगर के अंकुर एक्लेव से एक टेंपो में लोग भगवान गणेश की मर्ति को लेकर विसर्जन के लिए सोनिया विहार दूसरा पुश्ता पर आए थे। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते लोग यमुना में उतरे तो चारों किशोर भी झूमते हुए गहरे पानी की ओर बढ़ गए। चारों डूबने लगे तो विजय को बचा लिया गया। लेकिन बाकी तीनों किशोर गहरे पानी में समा गए।