India News (इंडिया न्यूज), Delhi Budget 2025: दिल्ली की राजनीति में आज का दिन ऐतिहासिक है, क्योंकि 27 साल बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) सरकार दिल्ली विधानसभा में अपना बजट पेश कर रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई में यह बजट ‘विकसित दिल्ली’ के विजन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसमें बुनियादी ढांचे के विकास, महिलाओं के सशक्तिकरण, प्रदूषण नियंत्रण और रोजगार सृजन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, 2025-26 का बजट 80,000 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है। इससे पहले आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने 2024-25 के लिए 76,000 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 77,000 करोड़ रुपये कर दिया गया था। इस बार के बजट में सरकार की प्राथमिकता विकास कार्यों को गति देना है।
Delhi Budget 2025 दिल्ली बजट 2025
1. यमुना नदी की सफाई- सरकार यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए विशेष फंड आवंटित कर सकती है।
2. बुनियादी ढांचे का विकास- सड़कों, पुलों और सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं में सुधार के लिए धनराशि बढ़ाई जाएगी।
3. महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण- महिलाओं के लिए विशेष योजनाएं और स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने पर जोर रहेगा।
4. शिक्षा और स्वास्थ्य- सरकारी स्कूलों और अस्पतालों के बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जाएगा।
5. प्रदूषण नियंत्रण- दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या को कम करने के लिए नई योजनाएं लाई जा सकती हैं।
6. रोजगार सृजन- युवाओं के लिए नौकरियों के नए अवसर पैदा करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
दिल्ली सरकार ने बजट तैयार करने से पहले जनता से सुझाव मांगे थे। इसके लिए एक ईमेल और व्हाट्सएप नंबर जारी किया गया था, जिस पर 10,000 से अधिक सुझाव प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विभिन्न वर्गों के लोगों से चर्चा कर उनकी राय भी ली।
विपक्ष की नेता और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने सरकार पर आर्थिक सर्वेक्षण को समय पर प्रस्तुत न करने का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली का बजट ‘खीर’ बनाकर नहीं, बल्कि ठोस आर्थिक आंकड़ों के आधार पर तैयार किया जाना चाहिए। दिल्ली का यह बजट आने वाले सालो में शहर के विकास की दिशा तय करेगा। सरकार ने जनता की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं तैयार करने का दावा किया है। अब देखना यह होगा कि ये वादे कितने हकीकत में बदलते हैं और दिल्ली के नागरिकों को इसका कितना लाभ मिलता है।