India News (इंडिया न्यूज़)Delhi Chunav: दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए गुरुवार को भाजपा की बड़ी बैठक हुई। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सभी 14 जिलों और 70 विधानसभा क्षेत्रों में तैनात बाहरी नेताओं से चुनाव पर चर्चा की। इसमें पार्टी की रणनीति पर भी चर्चा हुई। बैठक में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल भी मौजूद रहे। जेपी नड्डा ने दिल्ली भाजपा के नेताओं को स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हमें एकजुट होकर लड़ने की जरूरत है क्योंकि इस बार हमारे चुनाव जीतने की पूरी संभावना है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने टिकट के दावेदारों को भी संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि जिन्हें टिकट नहीं मिला है, वे बुरा न मानें क्योंकि लड़ाई 26 साल बाद पार्टी को दोबारा सत्ता में लाने की है। टिकट न मिलने की स्थिति में किसी पार्टी से या स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने की गलती न करें। पूरी ताकत नए मतदाताओं को जोड़ने में लगाएं। ज्यादा से ज्यादा नए लोगों को पार्टी से जोड़ें।
भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर जेपी नड्डा ने देश को कई कल्याणकारी योजनाएं दी हैं। दो-तीन दिन में हमारा घोषणापत्र भी आ जाएगा, जिसे हम संकल्प पत्र कहते हैं। आज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बहुत ऊर्जा के साथ गए हैं। हम जनता को वो सारी सुविधाएं देने जा रहे हैं, जिन्हें केजरीवाल ने झूठे वादे करके और गुमराह करके ठगा है।
#WATCH दिल्ली: भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "…राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जे.पी. नड्डा जी ने देश को बहुत सारी कल्याणकारी योजनाएं दी हैं…दो-तीन दिन में हमारा घोषणापत्र भी आ जाएगा, जिसको हम संकल्प पत्र कहते हैं और आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा बहुत ऊर्जा बढ़ाकर… pic.twitter.com/JrFbCwh0iH
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 9, 2025
दूसरी ओर, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि केजरीवाल और आम आदमी पार्टी वोट हासिल करने के लिए अनैतिक काम कर रहे हैं। उनके कार्यकर्ताओं के घरों में पड़ोसी राज्यों के रिश्तेदारों के नाम जोड़ने का प्रयास चल रहा है। यह एक बड़ा घोटाला है। हमने चुनाव आयोग को इसकी जानकारी दे दी है। मुझे उम्मीद है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष होकर कार्रवाई करेगा। शीश महल अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार का संग्रहालय है, जो बताता है कि उन्होंने किस तरह दिल्ली को लूटा और बर्बाद किया है।