India News (इंडिया न्यूज), Noida News: ग्रेटर नोएडा का यमुना सिटी क्षेत्र तेजी से एक औद्योगिक हब के रूप में विकसित हो रहा है। यमुना अथॉरिटी के अनुसार, इस साल के अंत तक यहां 30 फैक्ट्रियां शुरू हो जाएंगी, जिससे करीब 3 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। इस क्षेत्र के सेक्टर-29 में 175 एकड़ में अपैरल पार्क विकसित किया जा रहा है, जहां रेडीमेड गारमेंट उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। पार्क में 37 कंपनियों ने अपने नक्शे पास करा लिए हैं और सात फैक्ट्रियों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।
यमुना अथॉरिटी का कहना है कि नोएडा एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद औद्योगिक गतिविधियों में और तेजी आएगी। इसी को ध्यान में रखते हुए अपैरल पार्क परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए निर्माण कार्य में तेजी लाई जा रही है। वर्तमान में नोएडा में करीब 4000 फैक्ट्रियां रेडीमेड कपड़े बना रही हैं और इस नए पार्क के शुरू होने से उत्तर भारत के टेक्सटाइल उद्योग को नई दिशा मिलेगी।
Noida News: इंतजार हुआ खत्म! ग्रेटर नोएडा वालों में 3 लाख लोगों को मिलने जा रहा है रोजगार
यमुना सिटी में अपैरल पार्क परियोजना पर करीब 3000 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इसके पूरा होने पर हर साल 10,000 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा अर्जित होने की उम्मीद है। परियोजना में पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है और पार्क में सड़कों के दोनों ओर फलों के पेड़ लगाए जाएंगे।
यमुना सिटी में औद्योगिक विस्तार को लेकर अथॉरिटी लगातार काम कर रही है। यहां सेक्टर-29, 30, 32 और 33 को औद्योगिक सेक्टर के रूप में विकसित किया जा रहा है। अब तक 3041 प्लॉट आवंटित किए जा चुके हैं, जिनमें से 1373 को लीज डीड जारी कर दी गई है। बाकी 1668 प्लॉट के लिए भी लीज डीड जारी होने की प्रक्रिया जारी है और निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में सेक्टर-28 में एक पेट्रोल पंप का शिलान्यास किया गया। अक्टूबर में सेक्टर-29 में एक जर्मन फुटवियर कंपनी और सेक्टर-31 में एक टेक्सटाइल कंपनी के निर्माण की शुरुआत हुई। अथॉरिटी का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कर औद्योगिक विकास को गति दी जाए। इस परियोजना के पूरा होने से लाखों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे और ग्रेटर नोएडा को एक मजबूत औद्योगिक क्षेत्र के रूप में पहचान मिलेगी।