Hera Pheri 3: अक्षय कुमार की फिल्म हेरा फेरी 3 का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. मेकर्स बीते 10 सालों से फिल्म बनाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन कुछ न कुछ बाधाएं आ जाती हैं, जिसके कारण फिल्म कहीं न कहीं अटक जाती है. फिल्म हेरा फेरी 3 के डायरेक्टर, एक्टर और प्रोड्यूसर से लेकर फिल्म के राइट्स तक पर पंगा हो चुका है. साउथ के एक प्रोड्यूसर ने हेरा फेरी 3 के प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला के खिलाफ केस दर्ज कराया है. उनका कहना है कि फिल्म के राइट्स चुराए गए हैं.
मद्रास हाईकोर्ट में मामला दर्ज
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल नामक एक साउथ फिल्म प्रोडक्शन कंपनी ने हेरा फेरी के प्रोड्यूसर के खिलाफ मद्रास हाईकोर्ट में केस दर्ज कराया है. हेरा फेरी 3 के प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला के खिलाफ केस दर्ज कराते हुए कहा कि हेरा-फेरी 3 की फ्रेंचाइजी के कॉपीराइट फिरोज नाडियाडवाला के पास नहीं बल्कि उनके पास हैं.
केवल साल 2000 में फिल्म बनाने का था कॉपीराइट
बार एंड बेंच की एक रिपोर्ट में जानकारी दी गई कि फ्रेंचाइजी के कॉपीराइट के लिए साउथ प्रोड्यूसर ने कोर्ट में याचिका दायर की है. इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिरोज नाडियाडवाला के पास केवल साल 2000 में हेरा फेरी बनाने के राइट्स थे. उनका दावा है कि हेरा फेरी 1989 में रिलीज की गई मलयालम फिल्म रामजी राव स्पीकिंग का ऑफिशियल रीमेक थी. इसके राइट्स अक्षय कुमार की प्रोडक्शन कंपनी ‘केप ऑफ गुड फिल्म्स को बेच दिए गए थे.
बिना अधिकार के बना दिया सीक्वल
सेवन आर्ट्स इंटरनेशनल के मैनेजिंग डायरेक्टर जीपी विजयकुमार ने एक इंटरव्यू में इस बारे में बात करते हुए कहा कि साल 2022 में रामजी राव स्पीकिंग के ओरिजिनल प्रोड्यूसर्स आदित्य फिल्म्स से हेरा फेरी फ्रैंचाइजी के पूरे राइट्स खरीद लिए थे. उस दौरान उन्होंने जानकारी दी थी कि फिरोज को केवल इस फिल्म का एक हिंदी वर्जन बनाने का अधिकार दिया था. लेकिन इसके बावजूद फिरोज ने इसका सीक्वल भी बना दिया, जिसे 2006 में रिलीज किया गया था. इसके लिए फिरोज को अधिकार नहीं है.
फिर हेरा फेरी पर क्यों नहीं दर्ज कराया केस
जीपी विजयकुमार ने कहा कि हेरा फेरी का पहला भाग प्रियदर्शन ने बनाया था, जो हमारे करीबी हैं. दूसरी फिल्म नीरज वोहरा ने बनाई. उस समय कॉपीराइट वाले लोगों को और ओरिजिनल प्रोड्यूसर को फिरोज नाडियाडवाला की धोखाधड़ी के बारे में पता नहीं चल पाया. उस वक्त हमने ये बोलकर छोड़ दिया कि जो होना था, वो हो गया. अब हम खुद इसका सीक्वल बनाएंगे. हमने अक्षय कुमार की प्रोडक्शन कंपनी से बात की, तो पता चला कि नाडियाडवाला ने अक्षय की प्रोडक्शन कंपनी को राइट्स बेच दिए हैं. इसके बाद हमने फिरोज नाडियाडवाला को लीगल नोटिस भेजा. जब कोई चीज आपकी नहीं हो तो आप इसे किसी और को कैसे बेच सकते हैं? इसके बाद हमने कोर्ट का रुख किया था.