9
हिंदी सिनेमा में कुछ गाने ऐसे आए, जो सदाबहार हो गए. आज हम एक ऐसे ही सॉन्ग के बारे में बात कर रहे हैं, जिसके बोल लिखे थे आनंद बक्शी ने. यह गाना आज भी लाखों दिलों पर राज करता है. यह गाना बातों-बातों में ही तैयार हो गया था. साथ ही आपको बता दें कि गायक अमित कुमार का यह पहला गाना जो हिट हुआ था. आखिर क्या है इस गाने के पीछे की कहानी. चलिए जानते हैं सबकुछ इस खबर में.
कौन सा है गाना?
साल 1976 में फिल्म ‘बालिका वधू’ रिलीज हुई थी. फिल्म में सचिन पिलगांवकर और रजनी शर्मा मुख्य भूमिका में था. गाने का नाम है, ‘बड़े अच्छे लगते हैं…’. इस गाने को अमित कुमार ने गाया था. वहीं आर. डी. बर्मन (पंचम दा) ने इसमें संगीत दिया था.
पंचम दा से मिलने पहुंचे सचिन
फिल्म ‘बालिका वधू’ का निर्माण शक्ति सामंत ने किया था और इसका निर्देशन तरुण मजूमदार ने किया था. फिल्म में लीड एक्टर सचिन पिलगांवकर ने कपिल शर्मा के शो के दौरान ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ गाने के पीछे की कहानी बताई थी. उन्होंने बताया कि एक बार संगीतकार पंचम दा को फिल्म के निर्माता शक्ति दा ने फोन किया और कहा कि उन्हें एक रोमांटिक गाना बनाना है सचिन के ऊपर. आपको बता दें कि पंचम दा की एक आदत थी कि वह कलाकार से मिलकर ही संगीत बनाते थे. फिर क्या जैसे ही सचिन को पता चला वो तुरंत पंचम दा के घर पहुंच गए.
बातों-बातों में तैयार हुआ गाना
अभिनेता सचिन पिलगांवकर संगीतकार पंचम दा के घर पहुंचे. इसके बाद संगीतकार ने सचिन से उनका परिचय पूछा और देखा कि वो हर बात थोड़ा हिचकिचा रहे हैं. फिर उनके मन में कुछ ख्याल आया और उन्होंने ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ कि धुन निकाल दी. जब सचिन ने ये सुना तो वो मंत्रमुग्ध हो गए. आपको बता दें संगीतकार के पिता का भी नाम सचिन करके ही था. इसलिए वो बातचीत करते हुए थोड़ा असहज हो गए थे.
अमित कुमार का पहला हिट सॉन्ग
यह गाना’बड़े अच्छे लगते हैं…’ काफी प्रसिद्ध हुआ था. अमित कुमार की आवाज में गाया गया यह सॉन्ग उनका पहला हिट गाना था.