11
बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार अपनी आने वाली हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ की शूटिंग में व्यस्त है, लेकिन सेट पर सिर्फ काम ही नहीं बल्कि जबरदस्त मस्ती का माहौल भी देखने को मिल रहा है. हाल ही में फिल्म के सेट से एक बिहाइंड-द-सीन (BTS) वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. इस वीडियो में अक्षय कुमार भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन (गब्बर) के साथ बल्ला थामे नजर आ रहे है. शूटिंग के ब्रेक के दौरान सेट अचानक एक मिनी क्रिकेट ग्राउंड में तब्दील हो गया, जहां अक्षय और शिखर की जुगलबंदी ने सभी का दिल जीत लिया.
अक्षय कुमार का ओपन चैलेंज और नकद इनाम
सेट पर मस्ती का स्तर तब और बढ़ गया जब अक्षय कुमार ने अपनी टीम और क्रू मेंबर्स के सामने एक ‘ओपन चैलेंज’ रख दिया. अक्षय ने घोषणा की कि जो भी टीम इस दोस्ताना मुकाबले को जीतेगी, उसे नकद इनाम (Cash Prize) दिया जाएगा. इस घोषणा के बाद सेट पर मौजूद क्रू मेंबर्स का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया. लोग बिल्कुल वैसे ही चीयर कर रहे थे जैसे किसी इंटरनेशनल स्टेडियम में मैच चल रहा हो. अक्षय की इस पॉजिटिव एनर्जी और टीम स्पिरिट ने यह साफ कर दिया कि फिल्म की डरावनी कहानी के पीछे सेट पर हंसी-मजाक का जबरदस्त राज है.
14 साल बाद प्रियदर्शन और अक्षय की जोड़ी
यह फिल्म इसलिए भी खास है क्योंकि इसके जरिए बॉलीवुड की सबसे सफल एक्टर-डायरेक्टर जोड़ी, अक्षय कुमार और प्रियदर्शन, पूरे 14 साल के लंबे इंतजार के बाद साथ वापसी कर रहे है. इस जोड़ी ने पहले ‘हेरा फेरी’, ‘भूल भुलैया’ और ‘गरम मसाला’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में दी है. ‘भूत बंगला’ एक हॉरर-कॉमेडी है, जिसे बालाजी मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनाया जा रहा है. फिल्म का पहला गाना ‘राम जी आके भला करेंगे’ पहले ही रिलीज हो चुका है और सभी प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड कर रहा है, जिसने दर्शकों की पुरानी यादें ताजा कर दी है.
धमाकेदार स्टार कास्ट और रिलीज डेट
‘भूत बंगला’ में अक्षय कुमार के साथ एक बड़ी स्टार कास्ट नजर आने वाली है. इसमें वामिका गब्बी, परेश रावल, तब्बू और राजपाल यादव जैसे दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिकाओं में है. प्रियदर्शन के निर्देशन में बन रही इस फिल्म को अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता कपूर मिलकर प्रोड्यूस कर रहे है. फैंस को इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार है क्योंकि इसमें कॉमेडी के साथ-साथ डर का तड़का भी लगेगा. यह फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है.