India News (इंडिया न्यूज), Padmini Kolhapure: बॉलीवुड में कई अभिनेत्रियां आईं और गईं, लेकिन कुछ सितारे ऐसे भी हैं जो अपनी मासूमियत और शानदार अभिनय से दर्शकों के दिलों में हमेशा के लिए बस गए। 80 के दशक की टॉप अभिनेत्रियों में से एक पद्मिनी कोल्हापुरी भी उन्हीं में से एक हैं। अपनी बोलती आंखों और शानदार अभिनय से उन्होंने बॉलीवुड में अपनी एक खास पहचान बनाई। लेकिन उनकी जिंदगी की कहानी सिर्फ फिल्मों तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि उनकी निजी जिंदगी भी खूब चर्चा में रही।
जब 1980 में ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स भारत दौरे पर आए थे, तब पद्मिनी कोल्हापुरी ने कुछ ऐसा किया जिससे वो रातों-रात सुर्खियों में आ गईं। एक रिसेप्शन के दौरान पद्मिनी ने प्रिंस चार्ल्स के गालों पर किस कर लिया। ये उस समय के लिए बेहद चौंकाने वाली घटना थी और अखबारों की सुर्खियां बनीं। पद्मिनी ने खुद एक इंटरव्यू में इस घटना को याद करते हुए बताया कि जब वह लंदन पहुंची तो इमिग्रेशन अधिकारी ने उन्हें पहचान लिया और पूछा, “क्या तुम वही लड़की हो जिसने प्रिंस चार्ल्स को किस किया था?”
Padmini Kolhapure
पद्मिनी कोल्हापुरी का जन्म एक रूढ़िवादी महाराष्ट्रीयन परिवार में हुआ था। बचपन से ही उनका झुकाव संगीत की ओर था, इसलिए उन्होंने छोटी उम्र में ही शास्त्रीय संगीत सीखना शुरू कर दिया था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। महज 6 साल की उम्र में उन्होंने पहली बार कैमरे का सामना किया और धीरे-धीरे फिल्मी दुनिया का हिस्सा बन गईं। उनकी मासूमियत और अभिनय क्षमता ने उन्हें 80 के दशक की टॉप एक्ट्रेस बना दिया।
पद्मिनी कोल्हापुरी की जिंदगी फिल्मों के अलावा अपनी लव स्टोरी के लिए भी काफी मशहूर रही। साल 1986 में फिल्म ऐसा प्यार कहां की शूटिंग के दौरान उनकी मुलाकात फिल्म प्रोड्यूसर प्रदीप शर्मा से हुई। इस फिल्म में वह मिथुन चक्रवर्ती के साथ थीं, लेकिन उनका दिल प्रदीप शर्मा पर आ गया। जब परिवार को इस रिश्ते के बारे में पता चला तो उन्होंने इसका विरोध किया। पद्मिनी ने एक इंटरव्यू में बताया था कि उनके माता-पिता भी उनके खुले बालों के खिलाफ थे, वे प्रेम विवाह की कल्पना भी नहीं कर सकते थे। लेकिन प्यार के आगे कोई दीवार नहीं टिक सकती। माता-पिता की मर्जी के खिलाफ जाकर उन्होंने प्रदीप शर्मा से शादी करने का फैसला किया।
जब परिवार ने शादी से इनकार कर दिया तो पद्मिनी कोल्हापुरी ने घर छोड़ने का कठिन फैसला लिया। इस दौरान उनकी बड़ी बहन शिवांगी कपूर और जीजा शक्ति कपूर ने उनका साथ दिया। शक्ति कपूर ने न सिर्फ उनका साथ दिया बल्कि प्रदीप शर्मा से शादी करने में भी उनकी मदद की। आखिरकार पद्मिनी ने घर से भागकर प्रदीप शर्मा से शादी कर ली।
पद्मिनी कोल्हापुरी ने अपने करियर में कई हिट फिल्में दीं। उनकी कुछ यादगार फिल्मों में प्रेम रोग, वो सात दिन, इंसाफ का तराजू और सौतन शामिल हैं। उनकी बेहतरीन एक्टिंग ने उन्हें बॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेत्रियों में से एक बना दिया।
भले ही पद्मिनी कोल्हापुरी आज फिल्मों में ज्यादा सक्रिय नहीं हैं, लेकिन उनके जीवन की कहानियां और किस्से आज भी लोगों को आकर्षित करते हैं। 80 के दशक की यह सुपरस्टार अपने समय की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों में से एक थीं और उनकी कहानी आज भी कई लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।