Actor Hari Murali Passes Away: मलयालम फिल्मों में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अभिनय करियर की शुरुआत करने वाले अभिनेता हरि मुरली का निधन हो गया. महज 27 साल की उम्र में केरल के पय्यानूर स्थित घर पर एक्टर मृत पाए गए. उन्हें 2004 में आई फिल्म ‘रसिकन’ से पहचान मिली थी, जिसमें उनके सरल और प्यारे संवादों ने दर्शकों का दिल जीत लिया था.
कैसे हुई मौत?
मनोरमा ऑनलाइन की रिपोर्ट के अनुसार, युवा अभिनेता हरि मुरली अपने अन्नूर (पय्यानूर) स्थित घर में मृत पाए गए. हालांकि, बाद में उनके शव को पय्यानूर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया. उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
कौन थे हरि मुरली?
हरि मुरली ऐसे परिवार से थे, जिसका रंगमंच और सिनेमा से गहरा संबंध रहा. उनके पिता के.यू. मुरली, जिन्हें पय्यानूर मुरली के नाम से जाना जाता था. वहीं दिवंगत अभिनेता हरि की मां का नाम प्रसन्ना है और उनके भाई का नाम श्रीमुराली है. हरि मुरली ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत टीवी धारावाहिकों से की थी. बताया जाता है कि निर्देशक ए.एम. नसीर ने उन्हें साढ़े चार साल की उम्र में एक सीरियल में छोटा सा रोल दिया था.
‘रसिकन’ फिल्म से बटोरी थी सुर्खियां
हरि मुरली की पहली फिल्म दिलीप की ‘रसिकन’ थी. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही, लेकिन दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया था. हरि ने फिल्म में एक छोटे बच्चे की भूमिका निभाई थी, और उनका वह दृश्य, जिसमें उन्होंने मासूमियत के साथ एक लंबा संवाद बोला था, उस समय चर्चा का विषय बन गया था. फिल्म में भले ही उसके किरदार का कोई नाम नहीं था, लेकिन सोशल मीडिया पर प्रशंसक उन्हें प्यार से ‘उन्नीकुट्टन’ कहकर पुकारते थे. उस एक दृश्य ने एक्टर को रातोंरात मशहूर कर दिया था.
इन फिल्मों में भी किया काम
‘रसिकन’ फिल्म से डेब्यू करने के बाद हरि मुरली कई मलयालम फिल्मों में नजर आए, जिनमें ‘अन्नान थंबी’, ‘मदमपी’, ‘डॉन’, ‘पट्टानाथिल भूतम’ और ‘उलखम चुट्टुम वलिबन’ शामिल हैं. कुल मिलाकर उन्होंने अपने बचपन के दौरान करीब 10 से 15 फिल्मों में काम किया था.