Caffeine Risk: आज के समय में बच्चों और युवाओं के बीच एनर्जी ड्रिंक पीने का चलन तेजी से बढ़ रहा है. आकर्षक विज्ञापन और तुरंत ऊर्जा मिलने के दावे के कारण कई बच्चे भी इन्हें नियमित रूप से पीने लगे हैं. हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यह आदत बच्चों के लिए नुकसानदेह हो सकती है. खासकर इनमें मौजूद अधिक मात्रा में कैफीन और शुगर बच्चों के शरीर पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं.
डॉ. रश्मि रंजन दास’ के अनुसार बच्चों का शरीर अभी पूरी तरह विकसित नहीं होता, इसलिए ज्यादा कैफीन का सेवन उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरा हो सकता है. इससे दिल की धड़कन तेज होना, घबराहट, बेचैनी, नींद की कमी और चिड़चिड़ापन जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं. कुछ मामलों में ज्यादा कैफीन बच्चों के ब्लड प्रेशर और दिल की सेहत पर भी असर डाल सकता है.
लगातार सेवन से बढ़ सकती हैं स्वास्थ्य समस्याएं
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि अगर बच्चे नियमित रूप से एनर्जी ड्रिंक का सेवन करते हैं तो इससे भविष्य में कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. इनमें मोटापा, नींद से जुड़ी दिक्कतें और मानसिक तनाव जैसी परेशानियां शामिल हो सकती हैं.
इंडिया न्यूज से बातचीत में ‘डॉ. रश्मि रंजन दास, पीडियाट्रिक स्पेशलिस्ट, AIIMS भुवनेश्वर’ ने कहा कि बच्चों को एनर्जी ड्रिंक से दूर रखना बेहद जरूरी है. इसके बजाय उन्हें दूध, ताजे फलों का जूस और पर्याप्त पानी जैसे पौष्टिक पेय पदार्थ देने चाहिए, जो उनके विकास के लिए फायदेमंद होते हैं.अगर अभिभावक शुरुआत से ही बच्चों को स्वस्थ खानपान की आदत डालें तो उन्हें भविष्य में कई स्वास्थ्य समस्याओं से बचाया जा सकता है.