India News (इंडिया न्यूज़), Aaj ka Mausam: नए साल में ठंड और बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। अगले 24 घंटों में इन राज्यों में तापमान में गिरावट आ सकती है। यानी अगले दो दिन यहां कोल्ड डे कंडीशन बनी रहेगी।
राजस्थान में भी ठंड बढ़ गई है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। आईएमडी के अनुसार, बुधवार सुबह 8:30 बजे जयपुर में तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बीकानेर और चूरू में तापमान क्रमश: 7 डिग्री सेल्सियस और 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर में कड़ाके की ठंड जारी है और कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। ठंड के कारण डल झील की सतह जम गई। आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार सुबह 8:30 बजे श्रीनगर में तापमान -1.5 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में -2.4 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में -6 डिग्री सेल्सियस, बनिहाल में 0.4 डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा में 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
Aaj ka Mausam: नए साल के साथ हुआ मौसम का आगाज
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब के अलग-अलग इलाकों में देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही हरियाणा-चंडीगढ़, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 3 जनवरी तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 6 जनवरी तक घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली-एनसीआर में 14 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि शाम तक हवा की गति धीरे-धीरे कम होकर आठ किलोमीटर प्रति घंटे से भी कम हो जाएगी। शाम और रात में धुंध या हल्का कोहरा छाए रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में गुरुवार को पहाड़ी इलाकों में ताजा बर्फबारी और बारिश हो सकती है। पूर्वानुमान में 4 से 7 जनवरी तक राज्य के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और 5 और 6 जनवरी को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मनाली, कुफरी और डलहौजी जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर बारिश हो सकती है।