10
नई दिल्ली. ईरान-इजरायल युद्ध (Israel Iran Conflict) के बीच जहां दुनिया गंभीर हालात पर नजर बनाए हुए है, वहीं सोशल मीडिया पर एक अजीब लेकिन तेजी से वायरल हुआ मीम चर्चा में आ गया. ‘England have no balls'(यानी इंग्लैंड के पास गेंदे नहीं है) यह वाक्य सुनने में भले ही मजाकिया लगे, लेकिन इसके पीछे एक दिलचस्प और थोड़ा जटिल कारण छिपा है. आइए जानते हैं यह इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड से कैसे जुड़ा है.
दरअसल, खबर सामने आई कि इंग्लैंड में क्रिकेट गेंदों की कमी हो गई है. इस समस्या की जड़ सप्लाई चेन में आई रुकावट बताई जा रही है, जो वैश्विक तनाव और युद्ध जैसे हालात के कारण प्रभावित हुई. क्रिकेट में इस्तेमाल होने वाली ड्यूक गेंदें (Dukes balls) इंग्लैंड में तैयार होती हैं, लेकिन कच्चे माल और सप्लाई में बाधा के चलते इनकी कमी हुई जिसकी वजह से इंग्लैंड में बॉल नहीं मिल रहे.
इंग्लैंड का बन रहा मजाक
यहीं से सोशल मीडिया यूजर्स को मजाक का मौका मिल गया. ‘Balls’ शब्द का मतलब जहां क्रिकेट की गेंद से है, वहीं अंग्रेजी स्लैंग में इसका अर्थ “हिम्मत” भी होता है. इस डबल मीनिंग को लेकर यूजर्स ने ब्रिटेन की विदेश नीति पर तंज कसना शुरू कर दिया. ईरान-इजरायल संघर्ष के दौरान यूके ने सीधे सैन्य हस्तक्षेप से दूरी बनाए रखी और कूटनीतिक रास्ता अपनाने की बात कही. कुछ लोगों ने इस रुख को ‘कमज़ोर’ बताते हुए ‘England have no balls’ मीम के जरिए व्यंग्य किया.
सोशल मीडिया पर हो रहा ट्रेंड
देखते ही देखते यह मीम ट्विटर, इंस्टाग्राम और रेडिट जैसे प्लेटफॉर्म्स पर ट्रेंड करने लगा. हालांकि, यह समझना जरूरी है कि यह पूरा मामला ज्यादा गंभीर नहीं, बल्कि इंटरनेट की मीम का हिस्सा है, जहां किसी भी खबर को अलग नजरिए से पेश कर दिया जाता है. यह घटना यह भी दिखाती है कि कैसे आज के दौर में खेल, राजनीति और अंतरराष्ट्रीय घटनाएं एक साथ मिलकर वायरल कंटेंट बना देती हैं.