India News (इंडिया न्यूज), Aaj ka Mausam: बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में ठंड बढ़ गई है। दिल्ली में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है और मौसम विभाग ने आज भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट मुख्य रूप से दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए है, जहां बारिश, ओलावृष्टि और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट आ सकती है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, कश्मीर और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी ने हालात को और भी चुनौतीपूर्ण बना दिया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहेगा। अगले सप्ताह तक मौसम ठंडा और शुष्क रहेगा। आज से उत्तर भारत में शीतलहर शुरू होने की संभावना है। 29-30 दिसंबर के दौरान देर रात और सुबह के समय पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, राजस्थान के अलग-अलग स्थानों पर घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
Aaj ka Mausam: देश में मौसम का हाल हुआ बेहाल
इस समय राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे की वजह से गाड़ी चलाना मुश्किल हो सकता है, खासकर सुबह और शाम के समय। कोहरे की चादर ने इन राज्यों में ठंड को और बढ़ा दिया है, जिससे ठंड का अहसास और भी तेज हो गया है। राजस्थान के माउंट आबू में तापमान में 8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
भारतीय मौसम विभाग ने आज उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई है। शनिवार को प्रदेश के कई इलाकों में मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और आंधी-तूफान का भी अलर्ट जारी किया गया है। बनारस कोहरे की सफेद चादर में लिपटा हुआ है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दिनों में मौसम और खराब हो सकता है और ठंडी हवाएं चलने और बारिश होने के आसार हैं। ऐसे में दिल्ली और एनसीआर समेत अन्य हिस्सों में ठंड बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को और अधिक ठंड का सामना करना पड़ेगा।
दिल्ली में मौसम ठंडा रहेगा, यहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रविवार दोपहर को भी बादल छाने की संभावना है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।