Pappu Yadav Accident: जन अधिकार पार्टी (JAP) के प्रमुख और पूर्व सांसद पप्पू यादव सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं। यह हादसा इतना भयानक था कि पप्पू यादव की सुरक्षा में तैनात स्क्वाड की कार पलटकर रोड के किनारे चली गई। वहीं उनके काफिले में शामिल एक गाड़ी के बुरी तरह से परखच्चे उड़ गए हैं। कार का अगला भाग कबाड़ में तब्दील हो गया है।
पप्पू यादव इस भीषण सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। हालांकि, उनके काफिले के साथ चल रहे पार्टी के कई नेता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे में घायल हुए सभी लोगों को नजदीकी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है।
Pappu Yadav Accident
जानकारी दे दें कि यह हादसा बक्सर और आरा के बीच ब्रह्मपुर फोरलेन पर सोमवार देर रात को हुआ। जिस वक्त यह हादसा हुआ पप्पू यादव उस समय सारण जिले से लौट रहे थे। वह मुबारकपुर कांड में पीड़ित परिवार से मिलने के लिए गए थे। लौटते वक्त आरा और बक्सर के बीच ब्रह्मपुर फोरलेन पर देर रात उनका काफिला भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया।
कहा जा रहा है कि ये हादसा ओवरटेक कर रहे एक ट्रक के कारण हुआ है। ट्रक के ओवरटेक करने की वजह से कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं। जिसमें पप्पू यादव की सुरक्षा में तैनात कई जवान गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।