Rose day 2026: वैलेंटाइन वीक आज से शुरू हो चुका है. इस हफ्ते को प्रेमियों का विशेष हफ्ता माना जाता है. यह 14 फरवरी तक किसी न किसी दिन को विशेष मानकर मनाते हैं. पहला दिन रोज डे (Rose Day 2026) के नाम से जाना जाता है. इस दिन प्रेमी एक दूसरे को गुलाब देकर अपने प्यार की शुरुआत करते हैं. हालांकि, यह हमारी संस्कृति का हिस्सा तो नहीं है, लेकिन लाल गुलाब के कई मायने हो सकते हैं. इसलिए आजकल यह ट्रेंड शादी-समारोह में भी शुरू हो चुका है. जयमाला से पहले स्टेज पर दूल्हा दुल्हन को और दुल्हन दूल्हे को लाल गुलाब देती है. यही नहीं, कई लोग अपने कोट पर भी लाल फूल लगाते हैं. ऐसा करने के पीछे एक बात तो तय है कि लाल गुलाब शुभता के साथ सेहत के लिहाज से भी अच्छे हैं. हालांकि, रोज डे मनाने के पीछे लोगों कई मत और सवाल हो सकते हैं. जैसे- रोज डे पर लाल गुलाब ही क्यों देते हैं? प्रपोज करते समय प्रेमी लाल गुलाब ही क्यों देता है? क्या लाल गुलाब सच में प्रेमी का मूड पॉजिटिव कर देता है? क्या लाल गुलाब तनाव दूर कर सकता है? आइए जानते हैं इन सवालों से जुड़ी कुछ रोचक जानकारियां-
रोज डे पर लाल गुलाब ही क्यों देते हैं?
हमारी संस्कृति में हर रंग का अपना विशेष महत्व है जैसे- सफेद रंग शांति का प्रतीक होता है. ठीक उसी तरह लाल रंग प्रेम का प्रतीक माना जाता है. इसीलिए प्रेम का इजहार करने के लिए लोग लाल रंग के गुलाब का इस्तेमाल करते हैं. यह रंग हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करता है. इसी वजह से प्रपोज करते समय गुलाब का फूल ही दिया जाता है. इसे शुभ भी माना जाता है और गुलाब के फूलों की सुगंध भी बहुत अच्छी होती है. आज रोज डे मौके पर प्रेमी-प्रेमिका अपने प्रेम का इजहार करने के लिए एक दूसरे को रोज देते हैं.
प्रेमी का मूड बना देते हैं लाल गुलाब?
लाल गुलाब मूड को तुरंत बेहतर बनाने (Mood Boosting) के लिए सबसे क्लासिक और प्रभावशाली फूलों में से एक है. यह केवल दिखने में सुंदर नहीं होते, बल्कि इनके पीछे की भावनाओं का गहरा मनोवैज्ञानिक असर भी होता है. thursd.com की एक रिपोर्ट से पता चलता है कि लाल गुलाब को देखने से मस्तिष्क में डोपामाइन, ऑक्सीटोसिन और सेरोटोनिन जैसे ‘feel-good’ रसायनों का स्राव होता है, जो तुरंत मूड को हल्का और खुशहाल बना देते हैं. लाल गुलाब की सुगंध और उसकी जीवंत रंगत मानसिक शांति प्रदान करती है और तनाव को कम करती है.
प्रेमियों की नजर में लाल गुलाब के मायने क्या?
आज रोज डे है और इस दिन प्रेमी-प्रेमिका एक दूसरे को लाल गुलाब देते हैं. लेकिन, सवाल है कि आखिर लाल गुलाब ही क्यों? बता दें कि, लाल गुलाब जुनून और प्यार का प्रतीक है. दिल के सुर्ख लाल रंग की ही तरह होता है लाल रंग का गुलाब. कहते हैं प्रेमी को लाल गुलाब देने का मतलब होता है कि आप उसे अपना दिल दे रहे हैं. लाल गुलाब से युनानी युग की कथा भी जुड़ी हुई है. कहते हैं देवी एफ्रोडाइटी जब अपने प्रेमी को बचाने के लिए कांटों के बीच से भागी थीं तो उनके पैरों से निकले खून की बूंदों ने सफेद गुलाबों को लाल कर दिया था. इसीलिए लाल गुलाब प्रेमी को दिया जाता है. हालांकि, लाल गुलाब को लेकर कई और विदेशी मान्यताएं प्रचलित हैं.
लाल गुलाब देने का सही मतलब क्या?
लाल रंग गर्मजोशी, जुनून और उत्साह का प्रतीक है. मनोवैज्ञानिक रूप से, लाल रंग हमारी भावनाओं को उत्तेजित करता है और ध्यान आकर्षित करता है. यह दिल की धड़कन को बढ़ा सकता है, जो प्यार और रोमांच से जुड़ा है. जब कोई लाल गुलाब देता है, तो यह न केवल प्यार, बल्कि गहरी भावनात्मक लगाव को भी दर्शाता है. लाल रंग का यह प्रभाव हमें तुरंत जोश और रोमांस की अनुभूति देता है. इसीलिए अपना प्यार जताने के लिए लाल गुलाब दिया जाता है.