Today Weather News 10 April 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में भले ही पश्चिमी विक्षोभ का असर थोड़ा कम हुआ है, लेकिन देश के ज्यादातर शहरों में मौसम का मिजाज अभी बिगड़ा हुआ है. चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के चलते बारिश और ओलावृष्टि का सिलसिला जारी रहेगा. मौसम की जानकारी देने वाली निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, शुक्रवार (10 अप्रैल, 2026) को उत्तर भारत में भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बरकरार है. उत्तर-पूर्व के राज्यों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल में भी बारिश होने की प्रबल संभावना है. पश्चिमी विक्षोभ का असर कम हुआ है, जिससे मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क और गर्म हो सकता है.
कहां-कहां होगी बारिश?
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (Indian Meteorological Department) के अनुसार, पहाड़ों पर पश्चिम विक्षोभ थोड़ा कमजोर है और एक्टिव भी है. ऐसे में केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख और जम्मू-कश्मीर के अलावा उत्तराखंड में भी शुक्रवार (10 अप्रैल, 2026) बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं. उधर, दक्षिण भारत के राज्यों आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में प्री-मॉनसून बारिश हो सकती है. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मौसम शुष्क रहने और पारा 35 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है.
दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम
गुरुवार (09 अप्रैल, 2026) को दिल्ली-एनसीआर में दोपहर में तेज धूप देखने को मिली, हालांकि सुबह और शाम हल्की ठंड या कहें बड़ी राहत महसूस की गई. 10 अप्रैल को मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा. दिन से दौरान 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, लेकिन इससे लोगों को दिक्कत नहीं आएगी.
IMD की मानें तो शुक्रवार (10 अप्रैल, 2026) को दिल्ली-एनसीआर के मौसम में कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में आगामी एक एक सप्ताह तक आसमान में आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे और सुबह-शाम हल्की ठंड का एहसास रहेगा.
यूपी-बिहार में क्या होगी बारिश?
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम का मिजाज सुहाना बना हुआ है. यूपी की बात करें तो आगामी कुछ दिनों तक उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर थमा रहे, जबकि 15 अप्रैल तक एक्टिव हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम फिर बदल सकता है.
लखनऊ आईएमडी के अनुसार, यूपी की राजधानी और आसपास के जिलों में 10-11 अप्रैल को हल्के बादल छाए रहेंगे. इसके बाद वीकेंड तक आसमान साफ रहेगा. वहीं, बिहार की बात करें तो आगामी कुछ दिनों तक कई जिलों में आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा. IMD की ओर से अररिया, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी है.
पूर्वोत्तर और मध्य भारत में बारिश का अलर्ट जारी
पूर्वोत्तर के राज्यों में शामिल सिक्किम, असम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में आगामी 5 दिनों तक भारी बारिश होगी, जबकि मध्य भारत में अगले सोमवार तक तापमान में 4-6 डिग्री सेल्सियस का इजाफा होगा. इसी तरह उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान कम रहेगा. 10 से 11 अप्रैल के दौरान मणिपुर, मिजोरम, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में बिजली गिर सकती है.