India News (इंडिया न्यूज), China Plan For Taiwan: चीन के नए समुद्री हथियार ने दुनियाभर के रक्षा विशेषज्ञों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। इसकी ताकत इतनी है कि इसके प्रभाव से न सिर्फ ताइवान बल्कि पूरी दुनिया हिल सकती है। दरअसल, चीन ने हाल ही में समुद्री अभियानों के लिए एक अनूठी प्रणाली विकसित की है, जो भविष्य में सैन्य कार्रवाई के लिए काफी अहम साबित हो सकती है। इस प्रणाली में बड़े लैंडिंग बार्ज और एक नया अंडरसी केबल कटर शामिल है जिसे समुद्र की गहराई में भी काम करने के लिए डिजाइन किया गया है। इन नई तकनीकों ने ताइवान और दूसरे देशों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या है इस हथियार की ताकत?
आपको जानकारी के लिए बता दें कि, चीन ने पहले ही ताइवान के खिलाफ अपनी सैन्य गतिविधियां तेज कर दी हैं। चीनी सेना यानी पीएलए लगातार अपने फाइटर जेट और युद्धपोत ताइवान के नजदीक भेज रही है। इसके अलावा चीन ने कई बार सैन्य अभ्यास के जरिए ताइवान पर दबाव बनाने की कोशिश की है। अब इन लैंडिंग बार्ज के जरिए चीन ताइवान पर हमले के दौरान भारी सैन्य उपकरण और टैंकों को तेजी से तट पर उतारने की क्षमता रखेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर चीन ताइवान पर आक्रमण करता है तो इन बार्ज का इस्तेमाल रणनीतिक भूमिका निभाएगा।
लैंडिंग बार्ज की तस्वीरें और वीडियो हुए वायरल
चीन के इन नए लैंडिंग बार्ज की तस्वीरें और वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिन्हें बाद में हटा दिया गया। इन बार्ज को साउथ चाइना सी के झानजियांग तट पर देखा गया। ये बार्ज समुद्र के अंदर 800 मीटर तक फैल सकते हैं और मजबूत स्टील के पैरों पर खड़े हो सकते हैं। अमेरिकी रक्षा विशेषज्ञों के अनुसार, ये बार्ज चीन की उभयचर युद्ध क्षमता को मजबूत करते हैं। इनकी मदद से चीन अपने सैन्य वाहनों और टैंकों को किसी भी समुद्री तट पर उतार सकता है, भले ही वहां कोई स्थायी बंदरगाह न हो।
ताइवान की सुरक्षा तोड़ने में मिलेगी मदद
इससे चीन को युद्ध की स्थिति में ताइवान की सुरक्षा तोड़ने में मदद मिल सकती है। अंडरसी केबल कटर से इंटरनेट सिस्टम खतरे में? इन बार्ज के अलावा चीन ने एक और खतरनाक हथियार विकसित किया है। इसका नाम अंडरसी केबल कटर है। यह कटर समुद्र के अंदर 4,000 मीटर की गहराई पर मौजूद केबल को काटने की क्षमता रखता है। दुनिया भर के इंटरनेट और संचार सिस्टम इन्हीं केबल के जरिए चलते हैं। अगर चीन इन केबल को काटने का फैसला करता है, तो इसका असर सिर्फ ताइवान ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया पर पड़ सकता है। हाल ही में ताइवान के कुछ अंडरसी केबल क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिसके बाद इस नई तकनीक को लेकर चिंता और बढ़ गई है।
क्या बोले रक्षा विशेषज्ञ?
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की नई सैन्य तकनीकों का इस्तेमाल न केवल चीन की सुरक्षा बढ़ाने के लिए बल्कि उसके विरोधियों को डराने के लिए भी किया जा सकता है। इस तरह के अंडरसी कटर और लैंडिंग बार्ज दुनिया की भू-राजनीति को प्रभावित कर सकते हैं। खास तौर पर ताइवान, अमेरिका और यूरोपीय देशों को इस बात की चिंता है कि चीन लगातार अपनी सैन्य क्षमताओं को उन्नत कर रहा है और भविष्य में वह किसी भी संभावित संघर्ष में इनका इस्तेमाल कर सकता है।