India News (इंडिया न्यूज), Illegal Immigrants: अमेरिका के राष्ट्रपति बनने के बाद से ही डोनाल्ड ट्रंप अवैध प्रवासियों पर सख्त हैं। उन्होंने भारत समेत कई देशों से अवैध प्रवासियों को वापस उनके देश भेजा है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि, अब तक ट्रंप ने अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे भारतीय प्रवासियों के तीन विमान भारत भेजे हैं। हथकड़ी में बंधे इन भारतीयों की तस्वीरों और वीडियो पर काफी हंगामा हुआ था। इस बीच व्हाइट हाउस ने हथकड़ी में बंधे अवैध प्रवासियों का एक नया वीडियो पोस्ट किया है।
व्हाइट हाउस के आधिकारिक पेज पर पोस्ट किए गए इस 41 सेकंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि निर्वासित किए जाने वाले प्रवासियों को तैयार किया जा रहा है। एक पुलिस अधिकारी को निर्वासित किए जाने वाले प्रवासी को तैयार करते देखा जा सकता है। वीडियो में देखा जा सकता है कि यह अधिकारी प्रवासी को हथकड़ी लगा रहा है। एयरपोर्ट पर हथकड़ी और जंजीरें रखी देखी जा सकती हैं। हालांकि इस वीडियो में निर्वासित किए जाने वाले व्यक्ति का चेहरा नहीं दिखाया गया है। लेकिन उसके हाथ-पैरों में बेड़ियां डाली जाती देखी जा सकती हैं। एक अन्य क्लिप में एक व्यक्ति विमान में चढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। उनके पैरों में बेड़ियां बंधी हुई हैं।
Illegal Immigrants (व्हाइट हाउस ने अवैध प्रवासियों को उनके देश भेजने का वीडियो किया जारी)
ASMR: Illegal Alien Deportation Flight 🔊 pic.twitter.com/O6L1iYt9b4
— The White House (@WhiteHouse) February 18, 2025
जानकारी के अनुसार, अवैध भारतीय अप्रवासियों को लेकर पहला अमेरिकी सैन्य विमान 5 फरवरी को भारत पहुंचा। अवैध भारतीय अप्रवासियों का पहला जत्था अमेरिकी सी-147 विमान से भारत पहुंचा। इस विमान में 104 भारतीय सवार थे। यह विमान अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा। विमान में कुल 104 भारतीय सवार थे, जिनमें 79 पुरुष और 25 महिलाएं शामिल थीं। अमेरिका से निकाले गए भारतीयों को मैक्सिको-अमेरिका सीमा पर पकड़ा गया। कहा जा रहा है कि वे वैध तरीके से भारत से निकले थे, लेकिन उन्होंने डंकी रूट के जरिए अमेरिका में घुसने की कोशिश की थी।
बताया जा रहा है कि, इस विमान में पंजाब के 30, हरियाणा के 33, गुजरात के 33, महाराष्ट्र के 3, उत्तर प्रदेश के 3 और चंडीगढ़ के 2 लोग सवार थे। आपको बता दें कि अमेरिकी वायुसेना के सी-17 ग्लोबमास्टर विमान ने अमेरिका में रह रहे अवैध भारतीय अप्रवासियों को लेकर टेक्सास के पास अमेरिकी सैन्य अड्डे से उड़ान भरी थी।
इसके अलावा, अमेरिका से निकाले गए 120 अवैध भारतीय अप्रवासियों को लेकर एक विशेष विमान 15 फरवरी की देर रात अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा। इनमें 60 से अधिक पंजाब और 30 से अधिक हरियाणा के थे। अन्य गुजरात, उत्तर प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के थे। यह अवैध रूप से अमेरिका में घुसे भारतीयों का दूसरा जत्था था, जिन्हें ट्रंप प्रशासन ने वापस भेजा। इसके अलावा, अगले दिन यानी 16 फरवरी को अवैध अप्रवासियों को लेकर अमेरिका का तीसरा विमान भी अमृतसर में उतरा। इस विमान में 112 अवैध अप्रवासी सवार थे, जिन्हें अमेरिका से बाहर निकाला गया। बता दें कि ट्रंप सरकार अवैध अप्रवासियों को लाने-ले जाने के लिए सैन्य विमानों का इस्तेमाल करती रही है। इससे पहले अमेरिकी सैन्य विमान से ग्वाटेमाला, पेरू और होंडुरास भी अवैध अप्रवासियों को भेजा गया था।
डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति बनते ही अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा निर्वासन कार्यक्रम शुरू किया है। इस कार्यक्रम के तहत ट्रंप ने अवैध अप्रवासियों को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पिछले हफ्ते ब्लूमबर्ग ने बताया था कि भारत और अमेरिका ने करीब 18000 भारतीयों की पहचान की है जो अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे हैं। तो वहीं, दूसरी तरफ पिछले सप्ताह अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर से मुलाकात की थी और अवैध अप्रवासियों से जुड़ी समस्या को सुलझाने की इच्छा जताई थी।