Bangladesh News: बांग्लादेश अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही है. पिछले महीने एक हिंदू की निर्मम हत्या कर दी गई थी, जिसका वीडियो भी खूब वायरल हुआ था. अब एक बांग्लादेश आम चुनाव से ठीक एक दिन पहले एक और हिंदू की हत्या कर दी गई. उसका शव चाय बागान में मिला और हाथ-पैर बंधे थे और शरीर पर गंभीर चोटें थीं.
एक और हिंदू की मिली लाश
बांग्लादेश के मौलवीबाजार जिले में बुधवार को मतदान से एक दिन पहले 28 वर्षीय एक हिंदू व्यक्ति की लाश मिली. जिसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे और उसके हाथ-पैर बंधे हुए थे. इस घटना ने चुनाव से पहले हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं. मृतक की पहचान रतन साहूकार के रूप में हुई है, जो चंपा क्षेत्र के चाय बागानों में काम करता था. उसका शव बुधवार की सुबह करीब 10 बजे बरामद किया गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, उसके शरीर पर गहरे घाव थे और हाथ-पैर बंधे हुए थे. शव मिलने के समय भी घावों से खून बह रहा था.
दोस्तों ने कहा- हत्या हुई है
रतन के सहकर्मियों ने आरोप लगाया है कि उनकी हत्या की गई है. उन्होंने कहा कि चोटों की प्रकृति और उनके अंगों के बंधे होने से किसी साजिश का संकेत मिलता है. हालांकि पुलिस जांच कर रही है और पता लगा रही है कि हत्या चुनाव से संबंधित थी या इसके पीछे कोई अन्य मकसद था.
पहले भी हो चुकी है हिंदुओं की हत्या
बीते दिनों बांग्लादेश के मयमनसिंह जिले में अज्ञात हमलावरों द्वारा एक अन्य हिंदू व्यापारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. मृतक की पहचान 62 वर्षीय सुशेन चंद्र सरकार के रूप में हुई थी. इससे पहले दीपू दास की भी हत्या बहुत ही निर्मम तरीके से की गई थी. उसे पहले पीट-पीटकर मारा गया और फिर जिंदा जला दिया गया था. इस दिल दहला देने वाले घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था. बांग्लादेश में आए दिन अल्पसंख्यक हिंदुओं की हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. अगर इसपर कड़े फैसले नहीं लिए गए, तो और हत्याएं होने के संकेत हैं.