मिस्र के सक्कारा इलाके में स्थित प्रसिद्ध उनास पिरामिड (Pyramid of Unas) पर ड्रॉइंग बनाने पर एक टूर गाइड को गिरफ्तार कर लिया गया.
4000 साल पुराने पिरामिड पर ड्रॉइंग करने पर गिरफ्तार हुआ टूर गाइड
मिस्र का एक वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है. मिस्र के सक्कारा इलाके में स्थित प्रसिद्ध उनास पिरामिड (Pyramid of Unas) पर एक टूर गाइड ने चाक से ड्रॉइंग बनाई थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
यह घटना एक वायरल वीडियो के जरिए सुर्खियों में आई, जिसके बाद मिस्र की आंतरिक मंत्रालय ने तुरंत जांच शुरू की और गाइड को गिरफ्तार कर लिया. बता दें कि मिस्र के कानून के अनुसार पिरामिडों पर ड्रॉइंग करना या उन्हें किसी प्रकार का नुकसान पहुंचाना गैरकानूनी है.
वीडियो में दिखाया गया है कि एक टूर गाइड रशियन पर्यटकों को पिरामिड के बारे में समझाते हुए इसके बाहरी हिस्से पर चाक से एक स्टिक फिगर या डायग्राम जैसा कुछ खींच रहा था. वह पिरामिड के निचले हिस्से की ओर झुककर निशान बना रहा था, जबकि पर्यटक पास ही खड़े होकर सुन रहे थे. गाइड ने निशान मिटाने की कोशिश भी की, लेकिन सफल नहीं हो सका. स्थानीय पुरातत्व निरीक्षक ने इसकी शिकायत सक्कारा पर्यटन पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई, जिसके बाद वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई हुई.
X पर जारी एक बयान में, मिस्र के आंतरिक मंत्रालय ने कहा कि गाइड ने पर्यटकों को स्थल के बारे में जानकारी देते समय “पिरामिडों में से एक के बाहरी आवरण पर चित्र बनाकर एक प्राचीन धरोहर को नुकसान पहुंचाया.” हालांकि शुरुआती रिपोर्टों में व्यापक गीज़ा क्षेत्र का जिक्र किया गया था, लेकिन स्थानीय मीडिया ने बाद में स्मारक की पहचान सक्कारा स्थित उनास के पिरामिड के रूप में की. मिस्र के आंतरिक मंत्रालय ने बताया, “पूछताछ में गाइड ने अपना अपराध कबूल कर लिया. अधिकारियों ने तुरंत विशेषज्ञों को बुलाकर उन निशानों को साफ करवा दिया.”
उनास पिरामिड मिस्र के पांचवीं राजवंश का अंतिम शाही पिरामिड है, जो लगभग 4400-4500 साल पुराना पिरामिड है. यह सक्कारा में स्थित है, जो यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थल में शामिल है. यह पिरामिड ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि इसमें सबसे पुराने ज्ञात पिरामिड ग्रंथ, यानी आंतरिक दीवारों पर खुदे हुए धार्मिक शिलालेख मौजूद हैं. फराओ उनास (2375-2345 ईसा पूर्व) के लिए बनाया गया यह स्मारक हर साल लाखों पर्यटकों को आकर्षित करता है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गाइड ने माफी मांगते हुए कहा कि उसने ‘गंभीर गलती’ की है, लेकिन वह मिस्र की प्राचीन धरोहरों का सम्मान करता है. मिस्र के पुरातत्व संरक्षण कानून के तहत ऐसी हरकत पर जेल और जुर्माना हो सकता है. पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है, हालांकि आगे की डिटेल्स अभी जारी नहीं की गईं.
Shivraj Singh Chouhan: बीजेपी ने शिवराज सिंह चौहान को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी हैं और उन्हें…
नेपाल के नवनियुक्त प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (Balen Shah) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त…
Kochi Tuskers Kerala Termination: साल 2011 के आईपीएल में कोच्चि टस्कर्स नाम की इस टीम…
भारत में कितना कमाने वाले लोग इस कार को अफॉर्ड कर सकते हैं. अगर आप…
दोनों ही कारों में आपको प्रीमियम फील मिलने के साथ ही रफ-टफ परफॉर्मेंस भी देखने…
Nitish Kumar Resignation: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 14 अप्रैल को सुबह 11:00 बजे पटना…