India News (इंडिया न्यूज), BR Shetty: कड़ी मेहनत, दृढ़ निश्चय और सही अवसरों का लाभ उठाकर कोई भी अपने सपनों को साकार कर सकता है। लेकिन, सफलता के शिखर पर बने रहना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। इंसान की एक गलती उसे ऊंचाइयों से वापस फर्श पर ला देती है। यूएई में न्यू मेडिकल सेंटर (एनएमसी) और यूएई एक्सचेंज और फिनाब्लर जैसी कंपनियों के संस्थापक बीआर शेट्टी के साथ ऐसा ही हुआ है। साल 2019 में फोर्ब्स की 100 सबसे अमीर भारतीयों की लिस्ट में शामिल बीआर शेट्टी की दो कंपनियां अब बंद हो चुकी हैं। वहीं, उन्हें फिनाब्लर को महज 74 रुपये में बेचना पड़ा था।
आपको जानकारी के लिए बता दें कि, बीआर शेट्टी का जन्म 1 अगस्त 1942 को कर्नाटक के उडुपी जिले के कापू शहर में हुआ था। साधारण परिवार में जन्मे शेट्टी ने मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी। साल 1973 में 31 साल की उम्र में महज 8 डॉलर (करीब 665 रुपये) लेकर बेहतर अवसरों की तलाश में वे दुबई पहुंच गए थे। उन्होंने घर-घर जाकर दवाइयां बेचना शुरू किया। इस दौरान उनकी मुलाकात कई प्रभावशाली लोगों, खासकर डॉक्टरों से हुई, जिससे उनका नेटवर्क मजबूत हुआ।
BR Shetty (एक ट्वीट से सब हो गया बर्बाद)
शेट्टी ने कड़ी मेहनत की और कुछ समय बाद अपना खुद का अस्पताल बनाया, जिसका प्रबंधन उनकी डॉक्टर पत्नी करती थीं। 1975 में उन्होंने न्यू मेडिकल सेंटर (NMC) हेल्थ की स्थापना की, जो UAE की पहली निजी स्वास्थ्य सेवा प्रदाता कंपनी थी। कंपनी तेजी से आगे बढ़ी और बाद में UAE की सबसे बड़ी निजी स्वास्थ्य सेवा कंपनी बन गई। इसके कई अस्पताल और क्लीनिक थे। शेट्टी ने देखा कि UAE में रहने वाले भारतीय प्रवासियों को अपने परिवारों को पैसे भेजने में दिक्कत होती है। इस समस्या को हल करने के लिए उन्होंने वित्तीय सेवा कंपनी UAE एक्सचेंज की शुरुआत की। यह कंपनी भी सफल रही और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मुद्रा विनिमय और प्रेषण के क्षेत्र में एक बड़ा नाम बन गई। वर्ष 2016 में UAE एक्सचेंज के 31 देशों में 800 कार्यालय थे। वर्ष 2003 में बीआर शेट्टी ने दवा कंपनी NMC नियोफार्मा की शुरुआत की।
शेट्टी की कड़ी मेहनत और दूरदर्शिता ने उन्हें अरबपति बना दिया। एक समय उनकी कुल संपत्ति 3 बिलियन डॉलर (करीब 20,000 करोड़ रुपये) तक पहुंच गई थी। वे स्वास्थ्य सेवा, वित्तीय सेवाओं, आतिथ्य और रियल एस्टेट जैसे कई क्षेत्रों में सक्रिय थे। शेट्टी को दुनिया के सबसे अमीर कन्नड़ लोगों में से एक माना जाता था। उनके पास कई रोल्स रॉयस कारें और एक निजी जेट था। बीआर शेट्टी ने दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा में दो मंजिलें 25 मिलियन डॉलर में खरीदीं। बुर्ज खलीफा की दो मंजिलों के अलावा, उनके पास दुबई में कई विला भी थे।
2019 में, यूके स्थित फर्म मड्डी वार्ट्स(Muddy Waters) के एक ट्वीट ने बीआर शेट्टी की कंपनी को दिवालिया बना दिया। मड्डी को कार्सन ब्लॉक नामक एक शॉर्ट सेलर चलाता था। ट्वीट के बाद, इस शॉर्ट सेलर कंपनी ने बीआर शेट्टी की कंपनी पर एक रिपोर्ट प्रकाशित की। इसमें कहा गया कि कंपनी पर 1 बिलियन डॉलर का कर्ज है, जिसे बीआर शेट्टी ने छिपाया है।